रायपुर

कोरोना वायरस : दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ली आपात बैठक

केंद्र सरकार की एडवाइजरी के अनुरूप कार्रवाई करने के दिए निर्देश कोरोना वायरस से निपटने के लिए किए गए इंतजामों की समीक्षा की लोगों को सजग रहने और शासकीय कार्यक्रमों में भीड़भाड़ से बचने की हिदायत
less than 1 minute read
• •
Updated: 13 Mar 2020, 2:09 AM IST
cgnews
कोरोना वायरस : दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ली आपात बैठक

रायपुर. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने 12 मार्च की देर शाम दिल्ली से लौटते ही अपने निवास कार्यालय में आपात बैठक लेकर प्रदेश में कोरोना वायरस से निपटने के लिए की गई तैयारियों और इंतजामों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को कोरोना वायरस से बचाव के लिए किए गए इंतजामों की नियमित समीक्षा और निगरानी करने के निर्देश दिए हैं।

केंद्र की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार द्वारा कोरोना वायरस को लेकर जारी की गई एडवाइजरी के तारतम्य में बैठक में छत्तीसगढ़ में परीक्षाओं को छोड़कर सभी स्कूल और कॉलेजों को आगामी 31 मार्च तक बंद करने का निर्णय लिया गया। परीक्षाएं अपने निर्धारित समय-सारणी के अनुसार आयोजित की जाएंगी। बैठक में लोगों को सजग और जागरूक रहने तथा शासकीय कार्यक्रमों में भीड़भाड़ से बचने की हिदायत भी दी गई। कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी का व्यापक प्रचार-प्रसार भी करने के निर्देश सीएम भूपेश बघेल ने विभागीय अधिकारियों को दिए है।
आपात बैठक में कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे, वन मंत्री मोहम्मद अकबर, मुख्य सचिव आर.पी. मण्डल, अपर मुख्य सचिव अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव गौरव द्विवेदी, प्रमुख सचिव विधि एन.के. चंद्रवंशी, स्वास्थ्य विभाग की सचिव निहारिका बारिक सिंह, स्वास्थ्य विभाग के संचालक नीरज बंसोड़ सहित अन्य वरिष्ठ विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Updated on:
13 Mar 2020, 2:09 AM IST
Published on: