CG Cyber Fraud: रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां रिटायर्ड मौसम वैज्ञानिक को पेंशन कार्ड बनाने का झांसा देकर ठगों ने 1 लाख 25 हजार 782 रुपए की ठगी कर ली।
CG Cyber Fraud: छत्तीसगढ़ के रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां रिटायर्ड मौसम वैज्ञानिक को पेंशन कार्ड बनाने का झांसा देकर ठगों ने 1 लाख 25 हजार 782 रुपए की ठगी कर ली। अज्ञात साइबर अपराधियों ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर फोन किया और विश्वास में लेकर बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी हासिल कर ली।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित चंद्रकांत मोहदीवाले के पास 9 अप्रैल को एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉलर ने खुद को बैंक अधिकारी बताते हुए पेंशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया का हवाला दिया और उनसे जरूरी जानकारी मांगी। भरोसे में आकर पीड़ित ने अपनी बैंकिंग डिटेल्स साझा कर दीं। जानकारी देने के कुछ ही समय बाद पीड़ित के दो अलग-अलग बैंक खातों से कुल 1,25,782 रुपए निकाल लिए गए। जब उन्हें ट्रांजेक्शन का पता चला, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की शिकायत मिलते ही पुलिस ने अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल कहां से किया गया और रकम किस खाते में ट्रांसफर की गई। रायपुर समेत प्रदेशभर में साइबर ठगी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं, खासकर बुजुर्ग और रिटायर्ड व्यक्तियों को टारगेट किया जा रहा है।
पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी अज्ञात कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें। बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी जैसे ओटीपी, एटीएम/डेबिट कार्ड डिटेल, सीवीवी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। बैंक या कोई भी सरकारी संस्था कभी फोन या मैसेज के जरिए इस तरह की जानकारी नहीं मांगती। यदि इस तरह का कोई कॉल आए, तो तुरंत सतर्क होकर उसे नजरअंदाज करें और जरूरत पड़ने पर साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।