
रायपुर. छत्तीसगढ़ के रायपुर के राजधानी अस्पताल में हुई भीषण आगजनी (Fire in Rajdhani Hospital Raipur) में पांच मरीजों की मौत के मामले में संचालकों के खिलाफ पुलिस FIR दर्ज करेगी। साथ ही सुरक्षा उपायों में लापरवाही की अलग से जांच करेगी। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग ने अलग से जांच टीम बनाई है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस अस्पताल संचालक के खिलाफ धारा 304 ए के तहत कार्रवाई कर रही है। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर अपराध की धाराएं बढ़ाई जा सकती है। उल्लेखनीय है कि शनिवार की शाम अस्पताल के ICU में अचानक लगी आग से COVID-19 का उपचार करा रहे चार महिला और एक पुरुष की मौत गई।
इन बिदुंओं पर होगी जांच
अस्पताल में आपात स्थिति से निपटने की व्यवस्थाओं में भारी खामी पाई गई है। फायर फाइटिंग सिस्टम नहीं होना, आगजनी से बचने इमरजेंसी दरवाजा-खिड़की का नहीं होना आदि के चलते मरीजों की जान चली गई। इसमें अस्पताल प्रबंधन की सुरक्षा उपायों में लापरवाही की जांच की जाएगी। साथ ही आगजनी के कारण और ऐसी स्थिति से बचाव संबंधी व्यवस्था का पता लगाया जाएगा। फिलहाल टिकरापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।
रायपुर एसएसपी अजय यादव ने कहा, प्रारंभिक जांच में अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही का पता चला है। इसके चलते संचालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया जाएगा। साथ ही सुरक्षा उपायों की जांच की जाएगी। जांच के दौरान मिले तथ्यों के आधार पर अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।