
रायपुर . छत्तीसगढ़ संचार क्रांति (स्काई) योजना के तहत मुफ्त स्मार्ट फोन के लिए हितग्राहियों का इंतजार जल्द खत्म होगा। राज्य सरकार 18 मई को इसके पात्र हितग्राहियों की सूची जारी करेगी और इसी दिन से 25 मई तक आवेदन पत्र भरवाएं जाएंगे। इनका वितरण ग्राम पंचायतों, वार्डों, विकासखंड मुख्यालयों, सभी कॉलेजों, नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों, नगर पंचायतों और जिला मुख्यालयों से किया जाएगा। हालांकि अभी मुफ्त मोबाइल वितरण की तारीख का खुलासा नहीं है। राज्य सरकार इस काम में थोड़ी पिछड़ गई है। लक्ष्य के मुताबिक अप्रैल से इनका वितरण शुरू हो जाना था।
इस योजना के तहत पहले चरण में प्रदेश के 50 लाख हितग्राहियों को नि:शुल्क स्मार्ट फोन का वितरण होगा। इसमें करीब 1230 करोड़ रुपए की राशि खर्च होनी है। स्मार्टफोन के वितरण में पहली प्राथमिकता महिलाओं को दी जाएगी। पहले चरण में ग्रामीण क्षेत्र में 40.1 लाख, शहरी क्षेत्र में 5.6 लाख और तकनीकी और गैर तकनीकी कॉलेज के विद्यार्थियों को 5.1 लाख स्मार्ट फोन वितरण का लक्ष्य रखा गया है। योजना के तहत पारदर्शिता बतरने के लिए पात्र हितग्राहियों की सूची को सार्वजनिक किया जाएगा। इसमें दावा-आपत्ति भी ली जाएगी। दावा-आपत्तियों के निराकरण के बाद मुफ्त स्मार्ट फोन वितरण का काम शुरू होगा।
एक साल की रहेंगी वारंटी
नि:शुल्क स्मार्ट फोन की वारंटी एक साल तक के लिए मिलेगी। मोबाइल फोन में समस्या आने पर हितग्राही विकासखंड़ों में स्थापित संग्रहण केंद्र या रायपुर में स्थापित सर्विस सेंटर से संपर्क कर सकता है। कॉल सेंटर के जरिए भी उनकी समस्याओं को सुना जाएगा। इसका नम्बर स्मार्ट फोन के बाक्स और स्काई पोर्टल पर उपलब्ध रहेगा।
आधार कार्ड होगी जरूरी
मुफ्त मोबाइल फोन वितरण के लिए शहरों, गांवों और कॉलेजों के हिसाब से नोडल अधिकारी बनाए जाएंगे। इस पूरे कार्यक्रम में इनकी सबसे अहम भूमिका होगी। मोबाइल फोन वितरण के लिए ई-केवाईसी के लिए आधार कार्ड जरूरी होगा। शहरी क्षेत्रों में स्काई मेले का भी आयोजन किया जाएगा।
स्काई पोर्टल में मिलेगी हितग्राहियों की सूची
हितग्राहियों की सुविधा के लिए स्काई पोर्टल भी बनाया गया है। इसमें सभी पात्र हितग्राहियों की सूची होगी। कॉलेज के विद्यार्थी भी पोर्टल पर जाकर अपने नाम देखते हुए हैं। कॉलेज के नियमित विद्यार्थियों को ही मुफ्त मोबाइल फोन की पात्रता होगी।
इनकों मिलेगा फ्री मोबाइल
- सामाजिक आर्थिक जाति जनगणना 2011 के आधार पर चिह्नित ग्रामीण परिवार की महिला प्रमुख या अन्य महिला
-नगरीय विकास विभाग की परिभाषा अनुसार चिह्नित शहरी गरीब परिवार की महिला प्रमुख य अन्य
महिला-तकनीकी और गैर तकनीकी कॉलेजों में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी
- जिन परिवारों में महिला सदस्य नहीं है, वहां पुरुषों को मोबाइल दिया जाएगा।
इन तारीखों को होगा आवेदन
18 मई को हितग्राहियों की ड्राफ्ट सूची का प्रकाशन
18 से 25 मई तक हितग्राहियों से आवेदन भरवाना
19 से 28 मई तक आवेदन पत्रों की स्काई पोर्टल में एंट्री
18 से 20 मई तक हिताग्राहियों की ड्राफ्ट सूची में दावा-आपत्ति
21 से 23 मई तक नए हितग्राहियों के नाम का ग्राम सभा या संबंधित विभाग से अनुमोदन
24 से 26 मई तक नए हितग्राहियों से आवेदन भरवाना
29 मई से 3 जून तक आवेदन पत्रों की स्काई पोर्टल में एंट्री
31 मई से 2 जून तक अस्वीकृत हितग्राहियों के नाम और कारण की स्काई पोर्टल में एंट्री
3 जून को हितग्राहियों की अंतिम सूची का प्रकाशन