
रायपुर . छत्तीसगढ़ में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमे एक पोता अपनी दादी की अस्थि विसर्जित करने गया था जहां उसकी नदी में डूबने से मौत हो गई। दस दिन पहले दादी की मौत से पूरा परिवार शोकाकुल था।अचानक पोते की मौत होने से परिवार टूट गया है।
पुलिस के मुताबिक भिलाई के छावनी इलाके के कैंप निवासी ए लोहित राव (21) की दादी का कुछ दिन पहले निधन हो गया था। 11वें दिन उनकी अस्थि का विसर्जन करना था। इसके लिए गुरुवार को अस्थि कलश लेकर अपने परिवार सहित रायपुर के महादेवघाट पहुंचे थे। सभी सुबह करीब 6 बजे खारून नदी पहुंच गए थे। अस्थि विसर्जन करने से पहले पूजा-पाठ की प्रक्रिया होती है। इससे पहले सभी नदी में स्नान करते हैं। बारी-बारी से परिवार के अन्य सदस्यों ने स्नान किया। इसके बाद लोहित भी नदी में उतरा। नदी में उतरते ही वह गहराई में चला गया और डूब गया। मौके पर मौजूद परिजनों ने उसे किसी तरह नदी से बाहर निकाला। वह बेहोश था। उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद डीडी नगर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।
फस्र्ट इयर का था स्टूडेंट
लोहित अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। कुछ साल पहले उनके पिता ए पुनेश्वर राव की मौत हो चुकी थी। घर में केवल लोहित और उसकी मां थे। लोहित कॉलेज में फस्र्ट इयर का स्टूडेंट था। उसकी अचानक मौत से उसकी मां सदमे में है। वह बेसुध हो गई थी।
11वें दिन दूसरी मौत से टूट गया परिवार
दस दिन पहले ही लोहित की दादी का देहांत हुआ था। पूरा परिवार शोकाकुल था। इस बीच लोहित की अचानक मौत होने से परिवार टूट गया है। लोहित अपने घर का इकमात्र सहारा था। वह अपनी मां की देखभाल करने के अलावा पढ़ाई भी कर रहा था।
देखते-देखते नदी में समा गया लोहित
घटना के समय घाट में लोहित की मां, चाचा सहित दर्जन भर रिश्तेदार थे। करीब ६.१५ बजे लोहित नदी में नहाने उतरा। उतरते ही सीधे गहराई में चला गया। कुछ लोगों की नजर पड़ी, तब तक वह डूब चुका था। परिजनों और आस-पास के लोगों ने किसी तरह नदी की गहराई में उसे बाहर निकाला। उस समय वह बेहोश था।। डीडी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है।