Raipur Crime News: एक आईएएस का बेटा अपनी गर्लफ्रेंड के साथ गार्डन में घूम रहा था। इस दौरान एक बदमाश ने उनका वीडियो बना लिया।
CG Crime News: रायपुर। डीडी नगर इलाके में एक आईएएस का बेटा अपनी गर्लफ्रेंड के साथ गार्डन में घूम रहा था। इस दौरान एक बदमाश ने उनका वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगा। इसकी शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार की शाम करीब 6.30 बजे पासपोर्ट ऑफिस के पीछे स्थित गार्डन में एक युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूमने आया था। इस दौरान आदतन बदमाश विनोद पोपटानी ने दोनों के कुछ दृश्य का वीडियो बना लिया। जब युवक गार्डन से बाहर निकला, तो विनोद ने उसे रोक लिया।
उसे धमकाने लगा कि युवती के साथ उसका वीडियो बना लिया है। इस वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल कर देगा। 50 हजार रुपए दे दो, नहीं तो इसे वायरल कर दूंगा। युवक घबरा गया। उतने रुपए नकद नहीं होना बताने पर बदमाश युवक को एक मेडिकल स्टोर में ले गया। मेडिकल दुकान वाले के एकाउंट में 4150 रुपए गूगल पे करवाया। फिर मेडिकल दुकान वाले से उतनी राशि कैश लेकर आरोपी चला गया।
घटना से घबराए युवक ने अपने आईएएस पिता को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मामला डीडी नगर थाने पहुंचा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी (Cg crime news) आपराधिक प्रवृत्ति का है। चोरी, लूट, चेन स्नेचिंग, नारकोटिक्स एक्ट जैसे मामलों में आरोपी जेल जा चुका है।