
दिवाली, छठ, देव दीपावली और क्रिकेट-हॉकी के मुकाबले(photo-patrika)
November 2026 Calendar: नवंबर 2026 छत्तीसगढ़ में त्योहारों और खेल आयोजनों के लिहाज से खास रहने वाला है। महीने की शुरुआत पुष्य नक्षत्र और अहोई अष्टमी से होगी। इसके बाद धनतेरस, छोटी दिवाली, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ महापर्व जैसे प्रमुख पर्व मनाए जाएंगे। महीने के अंतिम सप्ताह में देवउठनी एकादशी, तुलसी विवाह, देव दीपावली और गुरु नानक जयंती की रौनक रहेगी। इसके साथ ही प्रदेश में मातर और जेठउनी जैसे पारंपरिक आयोजनों की भी धूम देखने को मिलेगी।
नवंबर के पहले सप्ताह में दीपावली से जुड़े कई प्रमुख पर्व पड़ेंगे। 6 नवंबर को धनतेरस और यम दीपम मनाया जाएगा। इसके अगले दिन 7 नवंबर को नरक चतुर्दशी और छोटी दिवाली है। वहीं, 8 नवंबर को दीपावली के अवसर पर लक्ष्मी पूजन और महाकाली पूजा होगी। इसके बाद 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट तथा 11 नवंबर को भाई दूज मनाया जाएगा।
15 नवंबर को सूर्य षष्ठी व्रत यानी छठ महापर्व मनाया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु भगवान सूर्य की आराधना करेंगे। 17 नवंबर को गोपाष्टमी और 18 नवंबर को आंवला नवमी मनाई जाएगी। वहीं, 21 नवंबर को देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह का आयोजन होगा। 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर कार्तिक पुन्नी मेला, देव दीपावली और गुरु नानक जयंती मनाई जाएगी।
तारीख- पर्व और आयोजन
पर्वों की तिथियों की जानकारी पंडित चन्द्रभूषण शुक्ला, संस्कृत भाषा के प्रचारक एवं धर्मशास्त्री के अनुसार दी गई है।
त्योहारों के साथ नवंबर में छत्तीसगढ़ के खेल प्रेमियों के लिए भी कई मुकाबले और चयन ट्रायल आयोजित होंगे। महीने की शुरुआत छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले संस्करण के फाइनल मुकाबले से होगी। इसके अलावा रणजी ट्रॉफी, महिला टी-20 ट्रॉफी, सीके नायडू ट्रॉफी और सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में भी छत्तीसगढ़ की टीमें मैदान पर उतरेंगी।
1 नवंबर को छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले संस्करण का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इसके साथ ही पुरस्कार वितरण समारोह सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। वहीं, 2 और 3 नवंबर को रायपुर के बूढ़ापारा स्थित आउटडोर स्टेडियम में वालीबॉल और तीरंदाजी के लिए साई सेंटर के सत्र 2026-27 के चयन ट्रायल होंगे।
नवंबर में अलग-अलग आयु वर्ग और प्रारूपों के क्रिकेट टूर्नामेंट भी खेले जाएंगे। 2 से 5 नवंबर तक रणजी ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ और हैदराबाद के बीच चौथा लीग मुकाबला होगा। 2 नवंबर को बीसीसीआई महिला टी-20 ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ का मुकाबला गोवा से होगा। वहीं, 3 से 6 नवंबर तक सीके नायडू क्रिकेट ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश की टीमें आमने-सामने होंगी।
14 नवंबर को सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा। इसके बाद 19 से 21 नवंबर तक विजय मर्चेंट ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ और उत्तराखंड के बीच मैच होगा। महीने के अंतिम दिनों में 26 से 29 नवंबर तक कूच बिहार ट्रॉफी में छत्तीसगढ़ और बड़ौदा की टीमें भिड़ेंगी। इस तरह नवंबर का महीना प्रदेश में धार्मिक आयोजनों के साथ खेल गतिविधियों से भी गुलजार रहेगा।
Updated on:
1 Nov 2026, 12:55 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 12:55 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.