
छत्तीसगढ़ की राज्योत्सव 2026 में 36 प्रतिभाओं को मिलेगा राज्य सम्मान(photo-patrika)
Chhattisgarh Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव 2026 के अवसर पर प्रदेश की 36 विभूतियों और संस्थाओं को राज्य स्तरीय सम्मान एवं पुरस्कारों से नवाजा जाएगा। इनका चयन साहित्य, पत्रकारिता, खेल, कला-संस्कृति, सामाजिक चेतना, महिला उत्थान, कृषि, चिकित्सा, श्रम, विधि और ग्रामीण पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए किया गया है। शासन की ओर से सम्मानित होने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं की सूची जारी कर दी गई है। इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से जुड़े नाम शामिल हैं।
आदिवासी सामाजिक चेतना एवं उत्थान के क्षेत्र में शहीद वीरनारायण सिंह स्मृति सम्मान धमतरी के दुमन लाल ध्रुव को दिया जाएगा। अहिंसा एवं गौरक्षा के लिए यति यतनलाल सम्मान दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित विश्व गीता धाम गोविन्द पक्षी सेवा धाम को मिलेगा।
महिला उत्थान के क्षेत्र में मिनीमाता सम्मान गरियाबंद के लोक आस्था सेवा संस्थान को प्रदान किया जाएगा। वहीं, सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के लिए गुरु घासीदास सम्मान कबीरधाम के सुखदेव भास्कर को मिलेगा। सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक क्षेत्र में योगदान के लिए बिलासपुर के तेजराम सेवा प्रतिष्ठान को पंडित रविशंकर सागर सम्मान से नवाजा जाएगा।
खेल के क्षेत्र में गुण्डाधूर सम्मान कोंडागांव की संजू देवी को और महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान बालोद के टोमन कुमार को दिया जाएगा। कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कबीरधाम के पुनीदास भट्ट को डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार मिलेगा। सहकारिता के क्षेत्र में बस्तर के चित्रकोट स्थित प्राथमिक कुकड़क मछुआ सहकारी समिति को ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। मत्स्य पालन के क्षेत्र में बालोद के प्रदीप कुमार सोनी को श्रीमती बिलासा देवी केंवट मत्स्य विकास पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. पूरनसत्त चंदाकर को हबीब तनवीर सम्मान दिया जाएगा। हिंदी साहित्य के लिए राजनांदगांव के डॉ. विहंगालाल साहू को पंडित सुंदरलाल शर्मा सम्मान मिलेगा। शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में रायपुर के डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति को चक्रधर सम्मान और लोक नाट्य एवं लोक शिल्प के लिए रायपुर की रेखा जलक्षत्री को दाऊ मंदराजी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
आंचलिक साहित्य एवं लोक कविता के लिए दुर्ग के दुर्गा प्रसाद पारकर को लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार मिलेगा। वहीं, सामाजिक समानता और साहित्य के क्षेत्र में जांजगीर-चांपा के जगदीश प्रसाद देशमुख को संत रविदास सम्मान से नवाजा जाएगा।
पत्रकारिता के क्षेत्र में भी कई लोगों का चयन किया गया है। प्रिंट मीडिया (हिंदी) के लिए रायपुर के प्रमोद कुमार साहू को चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार दिया जाएगा। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया (हिंदी) के लिए वरुण सखाजी और रश्मिका पांडेय को सम्मानित किया जाएगा।
वहीं, प्रिंट मीडिया (अंग्रेजी) के लिए मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार शिशिर रॉय चौधरी को मिलेगा। रचनात्मक हिंदी लेखन के लिए वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक अनंत विजय को पंडित माधव राव सप्रे राष्ट्रीय रचनात्मकता सम्मान प्रदान किया जाएगा।
आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में डॉ. दिनेश कुमार नाग को धन्वंतरि सम्मान दिया जाएगा। संस्कृत भाषा के प्रचार-प्रसार के लिए डॉ. बहुरन सिंह पटेल को राजेश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा सम्मान मिलेगा। आदिवासी सेवा के क्षेत्र में नवा रायपुर स्थित सत्य साई संजीवनी अस्पताल को डॉ. भंवरसिंह पोर्ते आदिवासी सेवा सम्मान प्रदान किया जाएगा। श्रम के क्षेत्र में अल्ट्राटेक सीमेंट लिमिटेड की कुकुरदीह इकाई को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार दिया जाएगा।
अपराध अनुसंधान के क्षेत्र में रायपुर के उप पुलिस अधीक्षक सुरेश कुमार ध्रुव को पंडित लखनलाल मिश्र सम्मान मिलेगा। विधि के क्षेत्र में कौस्तुभ शुक्ला और हेमंत कुमार मिश्र को संयुक्त रूप से बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल सम्मान प्रदान किया जाएगा। महिलाओं के उत्थान एवं नशा निवारण के लिए कांकेर की बुलबुल वैद्य को माता बहादुर कलारिन सम्मान दिया जाएगा। वहीं, छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान दंतेवाड़ा की दीपाली सरावगी को मिलेगा।
सिनेमा लेखन एवं अभिनय के क्षेत्र में सैयद ताहिर अली (करन खान) को किशोर साहू सम्मान दिया जाएगा। छत्तीसगढ़ी लोकगीत के लिए दुर्ग की साधना यादव को लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान मिलेगा। पंथी नृत्य के लिए सी.एल. रात्रे को देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार और छत्तीसगढ़ी लोक संगीत के लिए रायपुर के चंद्रभूषण वर्मा को खुमान साव सम्मान प्रदान किया जाएगा।
सिनेमा निर्देशन के क्षेत्र में जांजगीर-चांपा के मोहन सुंदरानी को किशोर साहू राष्ट्रीय अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा। वहीं, पंडवानी कला के लिए दुर्ग के चेतन लाल देवांगन को डॉ. तीजन बाई सम्मान और ग्रामीण पर्यटन के क्षेत्र में कबीरधाम के सत्येंद्र कुमार उपाध्याय को चेंदूरू राज्य ग्रामीण पर्यटन पुरस्कार दिया जाएगा।
Updated on:
1 Nov 2026, 1:32 PM IST
Published on:
1 Nov 2026, 1:31 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.