
IPL 2026: स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में यात्री शनिवार से शुरू होने वाले आईपीएल के मैच देख सकेंगे। इसके लिए एयरपोर्ट टर्मिनल भवन के भीतर दो बड़े प्रोजेक्टर और एलईडी लगाए गए हैं। फ्लाइट के इंतजार करने वाले यात्रियों के लिए पहली बार बड़ी स्क्रीन लगाई गई है।
एयरपोर्ट के डायरेक्टर योगेश नगाइच ने बताया कि आईपीएल मैच को देखते हुए पहली बार ऐसी व्यवस्था की गई है। आने वाले दिनों में यहां टीवी स्क्रीन की संख्या बढ़ाई जाएगी। टर्मिनल भवन के भीतर भूतल में विशाल प्रोजेक्टर और प्रथम तल में एलईडी स्क्रीन लगाया गया है।
उन्होंने बताया कि इनके माध्यम से एयरपोर्ट आने वाले यात्री और वहां के कर्मचारी पूरे मैच का प्रसारण देख सकेंगे। आईपीएल का उत्साह छत्तीसगढ़ में इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि दो मैच नवा रायपुर में होंगे।
रायपुर में भी इस सीज़न के 2 IPL मुकाबले खेले जाने वाले हैं। ऐसे में शहर में क्रिकेट का जोश पहले से ही उच्चस्तर पर है और एयरपोर्ट पर यह नई सुविधा उस उत्साह को और बढ़ा रही है। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में यात्री LED स्क्रीन के आसपास रुकते और उत्साह प्रकट करते दिखाई दे रहे हैं।
रायपुर एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए पहली बार टर्मिनल बिल्डिंग के भीतर एक बड़ी LED स्क्रीन लगाई गई है। इसके साथ ही करीब 100 इंच की एक दूसरी स्क्रीन भी स्थापित की गई है, ताकि फ्लाइट का इंतजार कर रहे अधिक से अधिक लोग लाइव मैच का आनंद ले सकें। यात्री यहां बैठकर आराम से मैच देख पा रहे हैं, जिससे फ्लाइट का इंतजार बोरिंग न होकर मनोरंजक अनुभव में बदल रहा है।
एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार, IPL का लाइव प्रसारण यात्रियों के यात्रा अनुभव को बेहतर बनाने और एयरपोर्ट पर बिताए समय को अधिक रोचक बनाने का प्रयास है। यह कदम दिखाता है कि अब क्रिकेट का जुनून सिर्फ स्टेडियम तक सीमित नहीं रहा, बल्कि एयरपोर्ट जैसे सार्वजनिक स्थान भी खेल के रोमांच में रंगे हुए हैं।
रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में IPL के दो मैच खेले जाएंगे। 10 मई को आरसीबी के सामने मुंबई इंडियंस की चुनौती होगी। वहीं, दूसरा मैच 13 मई को आरसीबी और कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) के बीच खेला जाएगा। दोनों मैच शाम 7.30 बजे से फ्लड लाइट में खेले जाएंगे।