10 अक्टूबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Raipur News: मॉल का अवैध कट बंद, फिर भी जाम, 100 करोड़ के प्रस्ताव के बाद भी सर्विस रोड बदहाल

Ring Road Encroachment: मॉल का अवैध कट बंद होने के बाद भी रायपुर के तेलीबांधा चौक से जोरा ओवरब्रिज तक जाम की समस्या बनी हुई है। सर्विस रोड पर अतिक्रमण के कारण 30 फीट चौड़ी सड़क कई जगह सिमटकर 10 से 15 फीट रह गई है।
2 min read
Google source verification

रायपुर

•

image

Khyati Parihar

•

image

अजय रघुवंशी

•

Oct 10, 2026

Ring Road Encroachment

मॉल का अवैध कट बंद (फोटो सोर्स- पत्रिका)

@अजय रघुवंशी। Raipur Traffic Jam: रायपुर के तेलीबांधा चौक से जोरा ओवरब्रिज तक अतिक्रमण और अव्यवस्थित यातायात के कारण रोजाना हजारों लोग जाम से जूझ रहे हैं। लगातार शिकायतों के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने शुक्रवार को तेलीबांधा चौक के आगे मैग्नेटो मॉल के लिए रिंग रोड से खुलने वाला अवैध प्रवेश मार्ग बंद कर दिया।

हालांकि, इससे मुख्य सड़क पर वाहनों का दबाव कुछ कम हुआ, लेकिन पास की कॉलोनी के लिए रास्ता खोलने के बाद वहां जाम की स्थिति बनने लगी। दूसरी ओर, सर्विस रोड पर अतिक्रमण के कारण यातायात पहले से ही प्रभावित है। स्थिति यह है कि 30 फीट चौड़ी सर्विस रोड कई जगह सिमटकर 10 से 15 फीट रह गई है। ऐसे में एक कट बंद होने के बाद भी लोगों को जाम से पूरी राहत नहीं मिल पाई है।

सर्विस रोड चौड़ीकरण का इंतजार, 100 करोड़ का प्रस्ताव

रिंग रोड नंबर-1 पर सर्विस रोड के चौड़ीकरण की योजना लंबे समय से अटकी हुई है। एनएचएआई मुख्यालय से चौड़ीकरण के लिए बजट स्वीकृत होने के बाद बिजली के ट्रांसफार्मर हटाने के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) को 8 करोड़ रुपए दिए गए हैं। इसके बावजूद कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर हटाने का काम बाकी है। चौड़ीकरण में देरी के कारण सर्विस रोड पर अतिक्रमण, वाहनों के दबाव और जाम की समस्या बनी हुई है। करीब 14.25 किलोमीटर लंबे हिस्से के चौड़ीकरण का काम पूरा होने पर यातायात को राहत मिलने की उम्मीद है।

रिंग रोड नंबर-1 पर यहां अतिक्रमण

  • लाभांडी
  • तेलीबांधा चौक
  • वीआईपी चौक
  • उद्योग भवन चौक
  • न्यू राजेंद्र नगर चौक
  • पचपेड़ी नाका चौक
  • संतोषी नगर चौक
  • भाठागांव चौक
  • सुंदर नगर-रायपुरा चौक
  • सरोना चौक

भाठागांव में भी बुलडोजर कार्रवाई

रिंग रोड नंबर-1 के भाठागांव क्षेत्र में भी एनएचएआई ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। सड़क किनारे होटल, रेस्टोरेंट और दुकानों के ऐसे होर्डिंग हटाए गए, जो सर्विस रोड और नालियों तक लगाए गए थे। इसके अलावा कई दुकानों के प्लेटफॉर्म सर्विस रोड तक बढ़ा दिए गए थे। इन्हें भी बुलडोजर की मदद से हटाया गया। एनएचएआई के अधिकारियों के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध कट और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई

रिंग रोड नंबर-1 पर सर्विस रोड की चौड़ाई कम होने और अतिक्रमण की समस्या के बीच वाहन चालकों को अब भी राहत का इंतजार है। एनएचएआई के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध कट हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसके साथ ही सड़क की स्थिति सुधारने के लिए क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत और गड्ढों का पैचवर्क कराया जा रहा है। अवैध पार्किंग और अनधिकृत प्रवेश मार्गों पर नियंत्रण के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं।

आलोक कुमार, क्षेत्रीय निदेशक, एनएचएआई, रायपुर के मुताबिक, "सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग से अवैध कट हटाए जाने हैं। यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सर्विस रोड चौड़ीकरण की प्रक्रिया चल रही है।"