Iran-Israel War: बमबारी और फ्लाइट कैंसिल होने से दहशत का माहौल बना हुआ है। भारतीय दूतावास ने एडवायजरी जारी कर दूतावास के संपर्क में रहने के निर्देश दिए हैं..
Iran-Israel War: अमरीका और ईरान संघर्ष के कारण खाड़ी देशों के अनेक एयरपोर्टों को बंद कर फ्लाइटों को कैंसिल करने से बड़ी संख्या में भारतीय फंस गए हैं। रायपुर से अबूधाबी गए भार्गव व्यास ने बताया कि पूरे अबूधाबी में दहशत का माहौल है। अमरीका और इजराइल के हमले को देखते हुए स्कूल-कॉलेजों को बंद करा दिया गया है। शटडॉउन की स्थिति के चलते सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। केवल फोर्स के जवान और एंबुलेंस ही सड़कों पर दिखाई दे रही हैं।
बाजार से लेकर मॉल और सभी कुछ बंद होने के कारण खाने-पीने के सामान की किल्लत है। वहीं, हमले की आशंका को देखते हुए किसी को भी बाहर निकलने की अनुमति नहीं है। यहां तक कि घरों के दरवाजों को बंद रखने कहा गया है। बमबारी के चलते अधिकांश स्थानों पर बिजली गुल हो गई। यहां केवल हवाई जहाज की तेज गर्जना, ड्रोन और बम के धमाके की आवाज ही सुनाई दे रही।
भार्गव का कहना है कि इस समय यह बता पाना मुश्किल है कि कब एयरपोर्ट खुलेगा और फ्लाइटें फिर से उड़ान भरेंगी। क्योंकि बमबारी से एयरपोर्ट के रनवे के खराब होने की जानकारी मिली है। भार्गव की दिल्ली के लिए वापसी की उड़ान थी। लेकिन, हवाई हमले के बाद सारी फ्लाइटों को कैंसिल कर दिया गया है। यहां एयर इंडिया, इंडिगो के साथ ही दुबई की ईमिरेट्स और अन्य देशों से सीधी उड़ान दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई सहित अन्य शहरों के लिए है। लेकिन, एयरपोर्ट के बंद होने से आवाजाही पूरी तरह से बंद है।
हवाई हमले के बाद सुरक्षित वापसी के लिए वह लगातार दूतावास के अधिकारियों के संपर्क में है। उसे कहा गया है कि स्थिति के कुछ सामान्य होने के बाद वापसी के लिए व्यवस्था की जाएगी। तब तक सार्वजनिक स्थल पर बाहर नहीं निकले और सुरक्षित स्थान पर रहें। बता दें कि ईरान और अमरीका के बीच युद्ध के खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने तेहरान में मौजूद अपने नागरिकों के लिए इमरजेंसी एग्जिट एडवाइजरी जारी की है।
अमरीका और इजराइल के हमले के बाद पूरे मीडिलइस्ट में तनाव का माहौल है। भार्गव व्यास ने बताया कि बमबारी के बाद से किसी भी भारतीय को बाहर नहीं निकलने कहा गया है। साथ ही एक दूसरे के संपर्क में रहने के निर्देश दिए गए हैं। उनके साथ कुछ अन्य परिचित लोग भी अबूधाबी में फंसे हुए हैं। मोबाइल का नेटवर्क नहीं होने के कारण मैसेज के जरिए भी संपर्क किया जा रहा है।
ट्रैवल्स संचालक किर्ती व्यास ने बताया कि होली त्योहार के दौरान अधिकांश लोग परिजनों, दोस्तों के साथ छुट्टी में दुबई और बाली, सिंगापुर और खाड़ी सहित अन्य देशों में जाते हैं। लेकिन, बदले हुए हालात को देखते हुए पिछले दो दिनों से एयरपोर्ट के बंद होने की जानकारी मिलने से छ्त्तीसगढ़ के करीब 250 लोगों ने अपनी हवाई टिकटों को कैंसिल कराया है।
खाड़ी देशों में बमबारी की तस्वीरों ने छत्तीसगढ़ के यात्रियों की योजनाओं पर भी ब्रेक लगा दिया है। छत्तीसगढ़ से खाड़ी देश जाने वाले ऐसे यात्रियों की संख्या 400 से अधिक बताई जा रही है, जिन्होंने अपनी टिकटें कैंसिल करा ली है या फिर रद्द कराने का मन बना चुके हैं। ट्रैवल एजेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया, छत्तीसगढ़ चैप्टर के चेयरमेन भरत देव के अनुसाररायपुर के लगभग 150 लोग दुबई में फंसे हैं।