उड़ान परियोजना के तहत जगदलपुर-रायपुर-विशाखापट्नम के बीच यात्री विमान सेवा के शुरू होने के पहले ही दिन यात्रियों को बड़ा झटका लगा।
रायपुर. उड़ान परियोजना के तहत जगदलपुर-रायपुर-विशाखापट्नम के बीच यात्री विमान सेवा के शुरू होने के पहले ही दिन यात्रियों को बड़ा झटका लगा। एयर ओडिशा ने जगदलपुर से विशाखापट्टनम का अपना पहला फेरा रद्द कर दिया।
एयर ओडिशा ने जगदलपुर से विशाखापट्टनम हवाई सेवा को रद्द करते हुए बताया कि विशाखापटनम में नेवी के एयरफील्ड में लैंडिंग के लिए 8 जून को लेटर (मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस) दिया गया था, लेकिन लैंडिंग के लिए अनुमति नहीं मिलने की वजह से फ्लाइट रद्द करना पड़ा।
एयर ओडिशा का कहना है कि फ्लाइट रद्द होने की जानकारी यात्रियों को फोन पर दे दी गई थी। साथ ही यात्रियों को टिकट कैंसिल कराने के लिए सूचना दी गई थी। लेकिन इसी विमान से वाइजेग जाने वाले 5 यात्रियों ने बताया कि एयर ओडिशा की फ्लाइट रद्द होने की सूचना उन्हें नहीं मिली। ऐसे में वे सभी यात्री जगदलपुर पहुंच गए, जिन्हें इलाज के लिए वाइजेग जाना था।
वाइजेग जाने वाली एयर ओडिशा की फ्लाइट रद्द होने पर जगदलपुर में यात्रियों ने काफी नाराज जताई। वहीं एयर ओडिशा (ऑपरेशन हेड) रत्नाकर गुप्ता ने बताया कि इस सभी 5 यात्रियों को जगदलपुर से रायपुर फ्लाइट से लाया गया। इसके बाद उन्हें रायपुर से विशाखापट्टनम दोपहर 3.30 बजे की एयर इंडिया की फ्लाइट से भेजा जाएगा। बताया जा रहा है कि एयर इंडिया की फ्लाइट फिलहाल 3 घंटे लेट है।
यहां सवाल यह उठता है कि अनुमति नहीं मिलने के बाद भी यात्रियों से बुकिंग कैसे ली गई ? इस सवाल पर सफाई पेश करते हुए एयर ओडिशा ने कहा कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया से शेड्यूल और परिचालन की अनुमति मिलने के बाद ही टिकटों की बुकिंग शुरू की गई थी।
हालांकि, कंपनी ने जगदलपुर-रायपुर-विशाखापट्नम के बीच यात्री विमान सेवा सोमवार तक शुरू होने की संभावना जताई है। बतादें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 जून को छत्तीसगढ़ के दौरे के दौरान भिलाई से एयर ओडिशा के जगदलपुर-रायपुर-विशाखापत्तनम विमान सेवा का उद्घाटन किया था।