मां से बोली थी आज घर आ रही हूं
दिनेश यदु@रायपुर. कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय (केटीयू) के हॉस्टल से गुस्से में निकली छात्रा की तेज रफ्तार एक्टिवा मेन गेट से टकरा गई। घटना में गंभीर रूप से घायल छात्रा को विवि स्टाफ व सुरक्षा गार्ड अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
गुरुर (बालोद) के डोकला गांव की उषा सिन्हा कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विवि में सामजिक कार्य विभाग में फोर्थ सेमेस्टर की छात्रा थी । गुरुवार को वह हास्टल से अपने दोपहिया वाहन से तेज रफ्तार से चलाते हुए निकली और मेन गेट के पास अनियंत्रित वाहन मेन गेट से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छात्रा गेट से टकराने के बाद दूर जा गिरी और वाहन के सामने का हिस्सा चकनाचूर हो गया। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी थोड़ी देर में ही सांसें थम गई।
जल्दी जाना है, आकर करुंगी एंट्री: केटीयू परिसर में बने हॉस्टल में ही यह छात्रा रहती थी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो जब वह हास्टल से निकल रही तब गार्ड ने उसे एंट्री करने कहा, लेकिन उन्होंने जल्दी जाना है कहते हुए आने के बाद एंट्री करूंगी कहते हुए वाहन की रफ्तार तेज कर दी।जब वह विश्वविद्यालय के गेट तरफ तेजी से मुड़ रही थी तो सुरक्षा कर्मचारियों ने उसे धीरे वाहन चलाने कहा था। इसके चंद मिनटों बाद ही यह यह घटना हो गई।
सूत्रो के अनुसार छात्रा उषा 12 जून को विश्वविद्यालय में किसी प्रोफेसर से पढ़ाई के लिए चर्चा करने आई थी। वह दो दिन से हॉस्टल में ही थी। गुरुवार को वह अपने घर जाने वाली थी, इससे पहले ही यह घटना हो गई। गौरतलब है कि केटीयू में परीक्षाएं होने से अधिकांश छात्र-छात्राएं अपने घर चले गए हैं।
मौत की खबर मिलते ही परिजन आंबेडकर अस्पताल पहुंचे। इस दौरान उनके पिता और बड़ी बहन का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं मां रोते-रोते बेहोश हो जाती थी। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे लेकर परिजन घर के रवाना हो गए।
थाना प्रभारी, त्रिलोक बंसल ने बताया कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय के गेट से टकराने से युवती की मौत हुई है। प्रारंभिक जांच में मृतका केटीयू की छात्रा है। पीएम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया गया गया । मामले में हॉस्टल, विश्वविद्यालय के अधिकारी व विद्यार्थियों से पूछताछ की जाएगी।