
Kumhari Bridge: @अजय रघुवंशी। रायपुर-दुर्ग के बीच खारून नदी पर कुम्हारी पुल की मरम्मत अब शुरू हो गई है। लोक निर्माण विभाग ने पहले जहां एक महीने ब्लॉक रहने की संभावना जताई थी, वहीं अब यह दावा है कि मरम्मत का काम 10-15 दिनों के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। डामर की परत हटाने के बाद पुल में तकनीकी फॉल्ट मिल चुकी है। अब ‘स्ट्रेंथनिंग ऑफ ब्रिज’ फार्मूले के तहत विशेष तकनीक से मरम्मत कार्य किया जा रहा है।
पीडब्ल्यूडी के अनुसार पुल की सतह से डामर की परत उखाडऩे के बाद कई स्थानों पर कमजोरी सामने आई। इसके बाद सुधार कार्य शुरू कर दिया गया है। पुल को मजबूत बनाने के लिए स्पेशल कंक्रीट से माइक्रो कंक्रीटीकरण किया जाएगा और इसके बाद बिटुमिन की नई परत चढ़ाई जाएगी। साथ ही पुल के ऊपर बने फुटपाथ को भी अलग करने का कार्य किया जा रहा है, ताकि संरचना पर अतिरिक्त भार कम किया जा सके। पत्रिका टीम ने बुधवार को कुम्हारी पुल पहुंचकर निर्माण कार्यों के साथ वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मरम्मत कार्य के लिए विशेष सामग्री ट्रकों से पहुंचाई गई।
मरम्मत कार्य के चलते फिलहाल पुल पर यातायात प्रतिबंधित है और हजारों लोगों को डायवर्जन मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। हालांकि विभाग का दावा है कि काम तय समय से पहले पूरा कर लिया जाएगा, जिससे लोगों को जल्द राहत मिल सकेगी और रायपुर-दुर्ग मार्ग पर यातायात सामान्य हो सकेगा।
अधिकारियों के मुताबिक पुल के नीचे सभी पिलरों में 110 एमएम माइक्रो कंक्रीटीकरण किया जाएगा, जिससे पिलरों की मजबूती बढ़ाई जा सके। इसके अलावा एक्सपेंशन ज्वाइंट को भरने का काम भी अगले दो दिनों में पूरा करने की तैयारी है। फॉल्ट मिलने के बाद मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देते हुए विशाखापट्नम की कंसलटेंसी एजेंसी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने निरीक्षण कर ठेकेदार को रिपोर्ट के आधार पर कार्य करने के निर्देश दिए।
खारून नदी में कुम्हारी पुल का मलबा गिराए जाने की शिकायत के बाद पर्यावरण विभाग की टीम ने इसे गंभीरता से लिया है। बुधवार को पर्यावरण विभाग के अधिकारियों की टीम खारून नदी पर पहुंची। यहां पर अधिकारियों ने पुल पर काम कर रहे ठेकेदार दुर्ग आदर्श नगर निवासी मिथलेश मिश्रा से पूछताछ की।
यहां पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने कहा कि पुल का मलबा खारून में गिराना पर्यावरण नियमों के खिलाफ है। यह गैरकानूनी कार्य है। भविष्य में पुल की मरम्मत कार्य में किसी प्रकार का मलब खारून में न जाने जाए इसका गंभीरता से ध्यान रखा जाए। ठेकेदार को चेतावनी देने के साथ ही अधिकारियों ने बयान दर्ज किया। यहां ठेकेदार ने बताया कि मलबे को नदी के मुहाने से हटाकर अन्यंत्र स्थान पर फेंका गया है।
ट्रैफिक डीएसपी सतीश ठाकुर ने कहा कि कुम्हारी पुल मरम्मत का काम जल्दी पूर्ण कर लिया जाएगा। यातायात शीघ्र बहाल होगी। 10-15 दिन के भीतर पुल से आवागमन शुरू हो सकता है। कंस्ट्रक्शन कंपनी के मिथलेश मिश्रा ने कहा कि फॉल्ट मिलने के बाद अब मरम्मत का काम शुरू किया गया है। स्पेशल मटेयिल्स भी पहुंच चुका है। स्पेशल कंक्रीट 3-4 दिनों में फीलिंग कर लिया जाएगा।