
रायपुर ।कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लॉकडाउन लगाया गया है। सब्जी का ठेला लगाने और खरीदने वालों से इसका पालन कराना पुलिस के लिए चुनौती हो गया है। कई मोहल्ले और कॉलोनियों में ठेले वाले घूमने लगे हैं। सब्जी बेचने वाले के अलावा खरीदने वाले भी भीड़ लगाने लगे हैं। इससे कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। दूसरी ओर पुलिस ने भी दुकान खोलने वाले और सब्जी वालों के खिलाफ अपराध दर्ज करना शुरू कर दिया है। तेलीबांधा, मंदिरहसौद, मोवा इलाके में पुलिस ने अपराध दर्ज किया है।
Read More : छत्तीसगढ़ में जलवायु परिवर्तन का सबसे ज्यादा खतरा
छूट के बाद बढ़ेगी समस्या
प्रशासन ने लॉकडाउन के दौरान सब्जी और फल के ठेले वालों को कुछ समय के लिए छूट दी है। इसी तरह राशन दुकान को भी अनुमति दी है। इसके बाद खरीदारी के दौरान बिना मास्क, फिजिकल डिस्टेसिंग का उल्लंघन आदि की समस्या बढऩे की आशंका है। खरीदारी करते समय सबसे ज्यादा फिजिकल डिस्टेसिंग का उल्लंघन किया जाता है। पिछले साल लॉकडाउन के समय दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई थी।
जांच तक नहीं
सब्जी बेचने या किराना दुकान की जांच तक लिए अलग से टीम नहीं बनाई गई है। पुलिस की पेट्रोलिंग टीम चक्कर लगाती है। जब तक पुलिस की टीम मौजूद रहती है, लोग कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हैं। पुलिस के जाते ही फिजिकल डिस्टेसिंग के पालन में लापरवाही करते हैं। नगर निगम की टीम बहुत कम निकल रही है।