
रायपुर पुलिस सांकेतिक तस्वीर (Photo Patrika Create)
Crime News: सोशल मीडिया में लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में कुछ युवाओं का शौक अब कानून-व्यवस्था को चुनौती दे रहा है। चाकू, कट्टा और पिस्टलनुमा वस्तुओं के साथ रील बनाकर खुद को डॉन और गैंगस्टर दिखा रहे हैं। इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किए जा रहे ऐसे वीडियो में हथियार लहराने, गाली-गलौज करने, मारपीट का प्रदर्शन करने और धमकी भरे अंदाज वाले दृश्य रहते हैं। कुछ आदतन बदमाश ऐसा करते थे, लेकिन अब सामान्य युवक और नाबालिग भी ऐसा करने लगे हैं। इसके चलते वे कानूनी पचड़े में फंस रहे हैं। पिछले साल पुलिस ने ऐसा करने वाले 96 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी। इस साल भी 20 से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। खमतराई, तेलीबांधा, पुरानी बस्ती और डीडी नगर जैसे इलाकों में केस दर्ज हो चुके हैं।
इस तरह के मामलों को देखते हुए सोशल मीडिया निगरानी सेल ने सख्ती शुरू कर दी है। वायरल वीडियो, सार्वजनिक प्रोफाइल और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा सकती है। ऐसे लोगों को पकड़कर कार्रवाई की जा रही है। दूसरी ओर फेसबुक, इंस्टाग्राम, टेलीग्राम आदि सोशल मीडिया में आपत्तिजनक कंटेंट के साथ ही हथियार लहराते हुए रील बनाने वालों पर नजर रखी जा रही है।
युवाओं और नाबालिगों के बीच सोशल मीडिया पर ज्यादा चर्चित होने का कॉम्पीटिशन है। इसके चलते कानून से खिलवाड़ करने से भी नहीं चूक रहे हैं। हथियार के साथ वीडियो बनाना या उसे सार्वजनिक मंच पर साझा करना दूसरों के मन में भय पैदा कर सकता है। यदि वीडियो में वास्तविक हथियार, अवैध कब्जा, धमकी या अन्य अपराध सामने आते हैं, तो संबंधित व्यक्ति को गंभीर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
किसी वीडियो को बिना जांचे साझा करना भी भय और अफवाह फैलाने का कारण बन सकता है। नागरिकों को ऐसे वीडियो का प्रचार करने के बजाय संबंधित सामग्री की सूचना पुलिस को देनी चाहिए और स्वयं किसी संदिग्ध व्यक्ति से भिड़ने से बचना चाहिए।
-रामकुंड में धारदार हथियार लहराने का वीडियो वायरल। आरोपी राहुल जंघेल उर्फ मान्या सुर्वे की गिरफ्तारी हुई।
-आमातालाब बगीचा पारा में गंडासा लहराकर लोगों को डराने का वीडियो वायरल।
-जन्मदिन की पार्टी में चाकू लहराते हुए डांस का वीडियो वायरल।
-सोशल मीडिया पर अवैध कट्टे के साथ वीडियो पोस्ट करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार।
-महादेवघाट में शादी के दौरान बंदूक से हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल।
सोशल मीडिया में किसी तरह का हथियार दिखाते हुए वीडियो बनाकर वायरल करना कानून का उल्लंघन है। ऐसे मामलों में पुलिस लगातार एक्शन ले रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पहले भी कई लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है।
-स्मृतिक राजनाला, डीसीपी क्राइम एंड साइबर, रायपुर
Updated on:
20 Oct 2026 01:23 pm
Published on:
20 Oct 2026 01:23 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
