रायपुर

E-Challan सिस्टम में बड़ा बदलाव! अब ITMS कैमरों से होगी कार्रवाई, परिवहन सेवाएं होंगी बाधित…

E-Challan System: रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने रविवार को आईटीएमएस कंट्रोल रूम एवं कमांड सेंटर का निरीक्षण किया।

2 min read
Feb 02, 2026
E-Challan सिस्टम में बड़ा बदलाव! अब ITMS कैमरों से होगी कार्रवाई, परिवहन सेवाएं होंगी बाधित...(photo-patrika)

E-Challan System: छत्तीसगढ़ के रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने रविवार को आईटीएमएस कंट्रोल रूम एवं कमांड सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खराब पड़े कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कराने सहित कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस द्वारा वसूली के आरोपों से बचने के लिए अब केवल आईटीएमएस कैमरों और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से ही ई-चालान जारी किए जाएंगे।

E-Challan System: मोबाइल और व्हाट्सएप पर अनिवार्य रूप से मिलेगी ई-चालान की सूचना

पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि ई-चालान जारी होने की सूचना वाहन मालिक को मोबाइल संदेश और व्हाट्सएप के माध्यम से अनिवार्य रूप से भेजी जाए। इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और वाहन चालकों को समय पर जानकारी मिल सकेगी।

90 दिन में जुर्माना नहीं भरा तो कोर्ट में पेश होगा मामला

उन्होंने कहा कि ई-चालान की जुर्माना राशि का भुगतान समय पर नहीं करने पर परिवहन से जुड़ी कई सेवाएं बाधित की जाएंगी। 90 दिन बाद चालान के मामले अनिवार्य रूप से न्यायालय में पेश किए जाएंगे। कोर्ट में केस भेजने से पहले वाहन मालिक को नोटिस भी जारी की जाएगी।

लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट और बीमा सेवाएं होंगी बाधित

डॉ. शुक्ला ने परिवहन विभाग से समन्वय बनाकर ई-चालान प्रणाली को और सख्त करने के निर्देश दिए। ई-चालान लंबित रहने की स्थिति में वाहन एवं वाहन स्वामी से जुड़ी सेवाएं जैसे ड्राइविंग लाइसेंस नवीनीकरण, परमिट, फिटनेस, नामांतरण, बीमा और प्रदूषण जांच प्रमाण पत्र का अद्यतन सिस्टम रोक दिया जाएगा। जुर्माना भुगतान के बाद ही ये सेवाएं दोबारा शुरू होंगी।

ट्रैफिक नियमों के पालन में बढ़ेगी सख्ती

पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस व्यवस्था से ई-चालान के भुगतान प्रतिशत में वृद्धि होगी और वाहन स्वामी ट्रैफिक नियमों की गंभीरता को समझेंगे। इससे सड़क सुरक्षा को भी मजबूती मिलेगी।

नशे में वाहन चलाने और नो एंट्री उल्लंघन पर सीधे कोर्ट चालान

डॉ. शुक्ला ने निर्देश दिए कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ मौके पर एल्कोमीटर से जांच कर चालान तैयार किया जाए और नो एंट्री उल्लंघन के मामलों को सीधे न्यायालय भेजा जाए। निरीक्षण के दौरान एसीपी ट्रैफिक गुरजीत सिंह एवं सतीश ठाकुर, ट्रैफिक मुख्यालय प्रभारी टीकेलाल भोई सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Updated on:
02 Feb 2026 12:13 pm
Published on:
02 Feb 2026 12:11 pm
Also Read
View All

अगली खबर