CG News: रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं की कमी अब गंभीर रूप ले चुकी है। खासतौर पर शौचालयों की खराब स्थिति ने मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को भारी असुविधा में डाल दिया है।
Raipur Hospital News: छत्तीसगढ़ के रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में बुनियादी सुविधाओं की कमी अब गंभीर रूप ले चुकी है। खासतौर पर शौचालयों की खराब स्थिति ने मरीजों और उनके साथ आने वाले परिजनों को भारी असुविधा में डाल दिया है। अस्पताल परिसर में अधिकतर वॉशरूम बंद पड़े हैं, जबकि जो खुले हैं, उनकी साफ-सफाई बेहद खराब है।
अस्पताल के ओपीडी ब्लॉक के पास 12 से अधिक शौचालय बनाए गए हैं, लेकिन इनमें से अधिकांश के दरवाजों पर ताले लटके हुए हैं। रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही के बावजूद यह स्थिति मरीजों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। जो शौचालय खुले हैं, उनकी स्थिति भी बेहद खराब है। गंदगी और बदबू के कारण उनका उपयोग करना मुश्किल हो गया है। नियमित सफाई के अभाव में यह समस्या और गंभीर होती जा रही है।
स्थिति तब और चिंताजनक हो जाती है जब पुरुष, महिलाओं के लिए निर्धारित वॉशरूम का उपयोग करने लगते हैं। इससे महिलाओं को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें मजबूरी में अन्य स्थानों पर जाना पड़ रहा है, जो उनकी गरिमा के लिए भी चुनौतीपूर्ण है।
अस्पताल के ओपीडी में प्रतिदिन करीब 1,500 मरीज पहुंचते हैं। परिजनों को मिलाकर यह संख्या 3,000 से 4,000 तक हो जाती है। इतनी बड़ी संख्या के बावजूद शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा का अभाव प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। मामले में अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने कहा कि अधिकांश शौचालय खुले हैं, जबकि कुछ स्टाफ के उपयोग के लिए बंद रखे गए हैं। महिलाओं के वॉशरूम में पुरुषों के प्रवेश की शिकायत पर उन्होंने जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।