रायपुर

महिलाओं और स्टूडेंट्स को स्मार्टफोन का तोहफा, जानिए मोबाइल तिहार से जुड़ी 10 बड़ी बातें

मुख्यमंत्री रमन सिंह ने सोमवार को संचार क्रांति योजना के तहत नि:शुल्क स्मार्ट फोन वितरण के लिए मोबाइल तिहार का शुभारंभ किया।
2 min read
• •
Updated: 30 Jul 2018, 5:16 PM IST
Mobile Tihar
महिलाओं और स्टूडेंट्स को स्मार्टफोन का तोहफा, जानिए मोबाइल तिहार से जुड़ी 10 बड़ी बातें

रायपुर. मुख्यमंत्री रमन सिंह ने सोमवार को संचार क्रांति योजना के तहत नि:शुल्क स्मार्ट फोन वितरण के लिए मोबाइल तिहार का शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार की संचार क्रांति योजना का सबसे बड़ा फायदा ग्रामीण जनता को मिलेगा। वहां के किसानों और मजदूरों को भी इसका लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने समारोह में प्रतीक स्वरूप कुछ हितग्राहियों को स्मार्टफोन भेंट किया। जानिए सीएम रमन सिंह के भाषण की 10 बड़ी बातें -

- फोर-जी का वह स्मार्टफोन जो मुख्यमंत्री और मंत्रियों के पास है, वह अब गांव के मजदूरों के हाथों में भी रहेगा। छत्तीसगढ़ एक नए युग में प्रवेश कर रहा है।
- छत्तीसगढ़ के 50 लाख लोगों के हाथों में स्मार्ट मोबाइल फोन पहुंचेगा तो यह अपने आप में एक बड़ा चमत्कार होगा। अब छत्तीसगढ़ 'स्मार्ट छत्तीसगढ़' के नाम से जाना जाएगा।
- मुख्यमंत्री ने संचार क्रांति योजना के तहत राज्य में मोबाइल कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए 556 टावरों का लोकार्पण किया।
- सीएम ने किया मोबाइल एप 'गोठ' का लोकार्पण किया, जिसमें लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ किसानों को खेती से जुड़े विषयों पर उपयोगी जानकारी मिलेगी। लोग इस एप्प में छत्तीसगढ़ी कला संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम भी देख सकेंगे।
- इस योजना के तहत प्रदेश में अगले चार माह के भीतर कॉलेजों के लगभग चार लाख 60 हजार स्टूडेंट्स, ग्रामीण क्षेत्रों की 40 लाख महिलाओं और शहरी क्षेत्रों के पांच लाख गरीब परिवारों को स्मार्टफोन दिए जाएंगे।
- राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द के हाथों जगदलपुर (बस्तर) में संचार क्रांति योजना के शुभारंभ के सिर्फ चार दिन के भीतर प्रदेश में इसके वितरण की आज शुरुआत हो गई।
- इस योजना के तहत जिन हाथों में स्मार्टफोन होगा वे रेल टिकट बुकिंग सहित कई प्रकार का लेन-देन ऑनलाइन कर सकेंगे। क्रिकेट मैच भी इसमें देखा जा सकेगा।
- छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और तेजी से बदल रहा है। वर्ष 2003 से अब तक की यात्रा में राज्य में पलायन की समस्या खत्म हुई है। सड़क और रेल कनेक्टिविटी का विस्तार हुआ है। संचार नेटवर्क का भी विस्तार हो रहा है।
- सीएम ने कार्यक्रम में रायपुर जिले के लिए मुख्यमंत्री आबादी पट्टा वितरण योजना का भी शुभारंभ किया और प्रतीक स्वरूप कुछ हितग्राहियों को अपने हाथों से आबादी पट्टा सौंप कर शुभकामनाएं दी।
- योजना के तहत रायपुर जिले में एक लाख और रायपुर शहर में 18 हजार परिवारों को आबादी पट्टे दिए जाएंगे।

Published on: