Chhattisgarh Monsoon Update: छत्तीसगढ़ में मानसून को आये हुए करीब एक महीना होने को है लेकिन, अब तक कई जिलों में छी बारिश नहीं हुई। तापमान बढ़ने के कारण उमस से भी लोग परेशान है।
Chhattisgarh Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक को एक माह पूरा हो गया है। इसके बावजूद सामान्य से 28 फीसदी कम बारिश हुई है। भयंकर उमस के कारण लोगों की परेशानी बढ़ रही है। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 12 जुलाई तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। मानसून की बेरुखी के कारण अभी तक 207 मिमी पानी गिरा है। वास्तव में अब तक 286.7 मिमी पानी गिरना था।
वहीं रायपुर में भी 27 फीसदी कम वर्षा हुई है। वर्तमान में 176.3 मिमी पानी गिरा है जबकि ये आंकड़ा 242.6 मिमी बारिश का होना था। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई। प्रदेश के 33 में 20 जिलों में सामान्य से कम या बहुत कम पानी गिरा है। मौसम विभाग के अनुसार 9 से 12 जुलाई तक प्रदेश के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
राजधानी में सुबह 9.8 मिमी पानी गिरा। इसके बाद उमस बढ़ गई। मंगलवार को बारिश होने की संभावना है। बादल व बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान 34 डिग्री रहा, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। प्रदेश के मैदानी व पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश हो रही है। पिछले 24 घंटे में बालोद में 40 मिमी, बीजापुर, सूरजपुर, बड़े बचेली में 30, अर्जुंदा, डौंडीलोहारा, गंगालूर, भैयाथान, मोहला, देवरी, पिथौरा व अनेक स्थानों पर 20-20 मिमी पानी बरस गया।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश में मानसून की गतिविधि सामान्य से कम रही। इस कारण ज्यादातर इलाकों में अधिकतम तापमान सामान्य से साढ़े 3 डिग्री तक ज्यादा है। वहीं न्यूनतम तापमान ज्यादातर इलाकों में सामान्य या डेढ़ डिग्री तक ज्यादा है। बादल व हल्की बारिश के बीच उमस ने लगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर के मौसम विज्ञानियों के अनुसार एक द्रोणिका व दूसरा सिस्टम ऊपरी हवा में चक्रवात बना है। सिस्टम कमजोर होने के कारण आगामी तीन दिनों तक वर्षा की गतिविधियां कम होंगी।