
Chhattisgarh News: राजधानी में बढ़ते यातायात दबाव और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए प्रमुख इलाकों में नई फोरलेन सड़कों का निर्माण किया जाएगा। मोवा से सेरीखेड़ी तक फोरलेन 100 करोड़ रुपए, लाभांडी से सड्डू वाया कचना होकर 100 करोड़ रुपए की लागत से, चंदनीडीह से सरोना, रायपुरा महादेव घाट तक बायपास रोड का निर्माण किया जाएगा। इन क्षेत्रों में प्रस्तावित सड़कों के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग ने प्लान तैयार किया है।
पीडब्ल्यूडी के प्लान के मुताबिक इन मार्गों के बनने से संबंधित क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ ही जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है। क्योंकि ट्रैफिक डायवर्ट होने से शहर के अंदर विभिन्न चौक-चौराहों पर लगने वाले जाम से शहरवासियों को राहत मिलेगी। इसके अलावा तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी और यातायात क्षमता में बड़ा सुधार होने की संभावना है।
जिन क्षेत्रों में सड़कें और फ्लाईओवर लोक निर्माण विभाग ने प्रस्तावित किया है, वहां आवासीय कॉलोनियों, व्यावसायिक गतिविधियों और आबादी में लगातार विस्तार हो रहा है। ऐसे में मौजूदा सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ रहा है। नई फोरलेन सड़कों को भविष्य की यातायात जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है।
उप मुख्यमंत्री एवं मंत्री पीडब्ल्यूडी अरूण साव ने पत्रिका से कहा कि राजधानी में अधोसंरचना विकास को गति देने के साथ-साथ बेहतर और सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। नई फोरलेन सड़कों से रायपुर के इन प्रमुख इलाकों में आवागमन को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।