रायपुर

Raipur Water Crisis: रायपुर में आज शाम नहीं होगी पानी की सप्लाई, ये 42 इलाके होंगे प्रभावित

Raipur water shutdown: बिजली विभाग द्वारा उपकेंद्र में रखरखाव और तकनीकी कार्य किए जाने के कारण जल शोधन संयंत्र और जलागारों का संचालन प्रभावित रहेगा। नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से पानी का आवश्यक भंडारण कर लेने की अपील की है।

2 min read
Jun 11, 2026
Raipur Water Crisis
रायपुर में आज कई घरों में नहीं आएगा पानी (Photo Patrika)

Water Supply Close: राजधानी के कई इलाकों में गुरुवार की शाम पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहेगी। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा रावणभाठा उपकेंद्र में 33 केवी फीडर के संधारण कार्य के चलते नगर निगम के 80 एमएलडी, न्यू 80 एमएलडी और 150 एमएलडी फिल्टर प्लांटों का संचालन बंद रहेगा। इसके कारण इन प्लांटों से जुड़़ी 42 टंकियों से शाम की जलापूर्ति नहीं हो सकेगी। निगम के अनुसार रावणभाठा उपकेंद्र में 33 केवी लाइन के 10 पोल स्ट्रक्चर के बीच डाली गई भूमिगत केबल को मुख्य लाइन से जोड़ने का कार्य किया जाएगा। इसके चलते 11 जून को इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट बंद रहेंगे, जिससे जल उत्पादन प्रभावित होगा।

Water Supply Affected: इन क्षेत्रों में नहीं होगी शाम की जलापूर्ति

डंगनिया, ईदगाहभाठा, गंज, गुढ़ियारी, न्यू राजेंद्र नगर, श्याम नगर, तेलीबांधा, शंकर नगर, खमतराई, भनपुरी, भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंति विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, बोरियाकला क्षेत्र, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, मोतीबाग, बोरियाखुर्द, जोरा, रायपुरा, कुकुरबेड़ा, बैरन बाजार (नया), देवेंद्र नगर (नया) और संजय नगर ओवरहेड टैंक से जुड़े क्षेत्रों में गुरुवार की शाम पानी की सप्लाई बंद रहेगी।

12 जून से सामान्य होगी व्यवस्था

निगम ने बताया कि 11 जून को सुबह निर्धारित समय पर जलापूर्ति की जाएगी, लेकिन शाम की सप्लाई नहीं होगी। वहीं 12 जून की सुबह से जलापूर्ति पुनः नियमित रूप से शुरू कर दी जाएगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे आवश्यकतानुसार पानी का संग्रह पहले से कर लें। हालांकि शहर के अन्य जलागारों और पावर पंपों से जलापूर्ति पूर्ववत जारी रहेगी।

इसलिए बंद हुई सप्लाई

बिजली कंपनी ने रावणभाटा उपकेंद्र में 33 केवी के 10-पोल स्ट्रक्चर के बीच भूमिगत केबल बिछाई है। इस केबल को मुख्य लाइन से जोड़ने के लिए आज 33 केवी इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट की बिजली सप्लाई बंद की गई है। इसी वजह से तीनों प्रमुख जल शोधन संयंत्रों का संचालन प्रभावित हुआ है।

बाकी इलाकों में सप्लाई सामान्य

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि इन जलागारों से जुड़े क्षेत्रों को छोड़कर शहर के अन्य ओवरहेड टैंकों और पावर पंपों से जलापूर्ति सामान्य रूप से जारी रहेगी। निगम ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से पानी का उपयोग सोच-समझकर करने और आवश्यक मात्रा में पानी सुरक्षित रखने की अपील की है।

Updated on:
11 Jun 2026 10:22 am
Published on:
11 Jun 2026 10:20 am