
Patrika Talk Show: राजधानी में वर्ष 2010 से पत्रिका के प्रकाशन ने पत्रकारिता को नई दिशा देने का काम किया है। तथ्यपरक और खोजपरक खबरों के जरिए पत्रिका ने समाज के कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाया और लोगों को जागरूक किया। यह बातें शनिवार को पत्रिका कार्यालय में आयोजित टॉक शो में राजधानी के एजेंसी होल्डर्स ने साझा कीं। टॉक शो में एजेंसी होल्डर्स ने कहा कि पत्रिका ने केवल खबरें ही नहीं दीं, बल्कि समाज को दिशा देने का काम भी किया है। यही वजह है कि पाठकों के बीच इसकी विश्वसनीयता लगातार बढ़ती जा रही है।
खन्ना न्यूज एजेंसी शहीद स्मारक भवन के ओनर सेनापति खन्ना ने कहा कि पत्रिका की लॉन्चिंग अपने आप में ऐतिहासिक रही। अखबार के आने से पहले ही इसकी मार्केटिंग इतनी प्रभावी थी कि लोगों में इसे देखने की उत्सुकता थी। उन्होंने बताया कि पत्रिका ने खबरों को पेश करने का तरीका बदल दिया। पहले केवल घटनाओं को दिखाया जाता था, लेकिन पत्रिका ने लोगों को आने वाली परिस्थितियों के प्रति सचेत करने और समाज को जागरूक करने का काम किया।
गोपी न्यूज एजेंसी बाम्बे मार्केट के ओनर देवव्रत साहू ने कहा कि पत्रिका ने शहर के कई ऐसे मुद्दों को उठाया, जिन पर पहले ध्यान नहीं दिया जाता था। स्लम क्षेत्रों की खराब सडक़ों, तालाबों के अतिक्रमण और अन्य समस्याओं को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया, जिससे प्रशासन का ध्यान इन मुद्दों की ओर गया और सुधार की पहल हुई।
वर्मा न्यूज एजेंसी भनपुरी के ओनर मनोज वर्मा ने बताया कि पत्रिका ने सामाजिक सरोकारों से जुड़ी कई मुहिम भी चलाईं। तालाबों को बचाने और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों ने लोगों को प्रेरित किया और समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाया।
मां शारदा न्यूज एजेंसी गुढिय़ारी के ओनर सुनील ठाकुर ने कहा कि शुरुआती दौर में एजेंसी होल्डर्स को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। बाजार में प्रतिस्पर्धा और दबाव भी था, लेकिन उन्होंने पत्रिका के साथ मजबूती से काम जारी रखा। धीरे-धीरे पाठकों का विश्वास बढ़ा और आज पत्रिका एक मजबूत स्थान बना चुकी है।