
रायपुर. विदेशी युवती के साथ मिलकर स्पा सेंटर चलाने की तैयारी कर रहे कारोबारी को उसके पार्टनर ने धोखा दे दिया। इसकी शिकायत करने थाने पहुंचे, तो इनकम टैक्स की टीम भी पहुंच गई और उनकी संपत्ति की जांच शुरू हो गई। इसमें कारोबारी के परिवार के दूसरे लोगों की संपत्ति की भी जांच शुरू हो गई है।
विदेशी युवती निकला ट्रांसजेंडर
पुलिस की जांच पड़ताल की तो पता चला जिस विदेशी युवती को पुष्पराज अपने साथ थाइलैंड से रायपुर लेकर पहुंचा था, वह युवती नहीं है, बल्कि एक ट्रांसजेंडर है। सूत्रों के मुताबिक पुष्पराज पिछले कई दिनों से ट्रांसजेंडर को क्रिस्टल आर्केड के फ्लैट में रखा था। इसकी जानकारी उसने थाने में भी नहीं दी थी। पुलिस उसके वीजा और पासपोर्ट के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
प्रियदर्शिनी नगर स्थित विनय विला निवासी पुष्पराज भूरा कपड़े का कारोबार करता है। पुष्पराज पिछले दिनों थाइलैंड गया था। वहां उसने एक स्पा सेंटर खोला। इसके बाद वहां की एक युवती के साथ मिलकर रायपुर में स्पा सेंटर शुरू करना चाहता था। युवती के साथ वह रायपुर आया और अपने दोस्त प्रभात कुमार त्रिपाठी से संपर्क किया। इसके बाद दोनों ने मिलकर क्रिस्टल आर्केड में एक फ्लैट लेकर स्पा सेंटर शुरू किया। वहां विदेशी युवती को भी रखा। इस बीच दो दिन पहले पुष्पराज ने चंदनीडीह में अपनी जमीन 1 करोड़ 10 लाख रुपए में बेची थी।
सौदा होने के बाद पुष्पराज पूरी रकम लेकर क्रिस्टल आर्केड पहुंचा और वहां नोटों से भरा बैग रखकर चला गया। शाम को फिर लौटा। उसने बैग खोलकर देखा, तो उसमें केवल 37 लाख रुपए थे। बाकी रकम गायब थी। उसे प्रभात और उसके कर्मचारी तुलेंद्र उर्फ तुलसी हरवंश पर शक हुआ। उसने पंडरी थाने में शिकायत की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया। जांच में प्रभात और तुलेंद्र को चोरी करना पाया। दोनों के पास चोरी की पूरी रकम जब्त की गई।
कारोबारी भूरा चोरी की शिकायत करने थाने पहुंचा था। रकम तो मिल गई, लेकिन वह इनकम टैक्स के झमेले में फंस गया। भूरा के पास बचे शेष रकम और चोरी गए रकम कुल 1 करोड़ 10 लाख रुपए थे। रकम बरामद होते ही पुलिस भी चौंक गई। पुलिस ने रकम के संबंध में पूछताछ शुरू की, तो भूरा ज्यादा कुछ बता नहीं पाया। इसकी सूचना इनकम टैक्स को दी गई। आईटी की टीम ने भूरा से आय के स्त्रोतों की जांच शुरू की। लेकिन वह कुछ नहीं बता पाया।
आईटी की टीम और पुलिसकर्मियों ने भूरा से रातभर राशि के संबंध में पूछताछ की, लेकिन कुछ नहीं बता पाया। वह यही बताता रहा कि उसने जमीन बेची है और उसकी राशि से वह स्पा सेंटर खोलने की तैयारी में थी। इधर आईटी टीम ने पुष्पराज के व्यापारिक प्रतिष्ठानों के संबंध में भी पूछताछ शुरू कर दी है।
सूत्रों के मुताबिक पुष्पराज एक राजनीतिक दल के लिए चुनावी चंदा पहुंचाने की तैयारी में था। यह रकम हवाला के जरिए उस तक पहुंचाया गया था। बाद में इस रकम को संबंधित नेता तक पहुंचाने की तैयारी थी। इस बीच पूरा खेल बिगड़ गया। पुष्पराज की मालवीय रोड में रूपम नाम से कपड़े की दुकान है। पुष्पराज के इनकम की जांच शुरू होने के बाद उसके रिश्तेदारों ने उससे कन्नी काटना शुरू कर दिया है।