Samagra Shiksha Protest: प्रशिक्षकों को एक तरफ जहां चार माह से सैलरी नहीं दी गई है वहीं, एक साल से उनकी सैलरी में कोई इंक्रीमेंट भी नहीं किया गया है।
Samagra Shiksha Protest: छत्तीसगढ़ के हजारों व्यावसायिक प्रशिक्षकों के सामने आर्थिक संकट की स्थित पैदा हो गई है। प्रशिक्षकों को एक तरफ जहां चार माह से सैलरी नहीं दी गई है वहीं, एक साल से उनकी सैलरी में कोई इंक्रीमेंट भी नहीं किया गया है। इसी के चलते व्यावसायिक प्रशिक्षकों ने मंगलवार को समग्र शिक्षा कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया।
छत्तीसगढ़ नवीन व्यावसायिक प्रशिक्षण कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष भूपेश कुमार ने बताया कि विभाग द्वारा जारी पूर्व आदेश (30.09.2025 व 13.02.2026) में स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि कार्यभार ग्रहण कर चुके व्यावसायिक प्रशिक्षकों का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके बावजूद भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी एक सामान्य शिकायत का हवाला देकर भुगतान रोकना प्रशासनिक अन्याय है।
उन्होंने बताया कि नए व्यावसायिक प्रशिक्षकों का लगभग 5 माह से मानदेय लंबित है, लगभग 1 वर्ष से इंक्रीमेंट भी रोका गया है। इस कारण प्रशिक्षकों को दोहरी आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के बाद समग्र शिक्षा के एमडी किरण कौशल ने प्रशिक्षकों से मुलाकात की और उन्हें माह के अंत तक समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
छत्तीसगढ़ नवीन व्यावसायिक प्रशिक्षण कल्याण संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि विभाग ने जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया और लंबित भुगतान जारी नहीं किए, तो राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा।