
स्कूल में इंजेक्शन लगाने से डरते हैं मासूम (फोटो सोर्स- iStock)
रायपुर@पीलूराम साहू। World Diabetes Day 2026: 14 नवंबर, वर्ल्ड डायबिटीज डे। बड़े इस दिन शुगर जांच कराते हैं और वजन घटाने का संकल्प लेते हैं। लेकिन एम्स, आंबेडकर व निजी अस्पतालों में एक अलग ही तस्वीर दिखती है। यहां 6 साल की बच्ची से लेकर 13 साल के लड़के तक, सबकी जेब में टिफिन नहीं, इंसुलिन की पेन होती है। फ्री इंसुलिन के बाद भी ग्लूकोमीटर स्ट्रिप, पेन, अच्छा खाना, बार-बार जांच में हर माह 5 हजार रुपए महीने खर्च हो जाते हैं। गरीब परिवार के लिए यह बड़ा बोझ है। बच्चों को केवल इंसुलिन दिया जाता है, टैबलेट नहीं। बड़े हर माह 5 करोड़ की दवा गटक जाते हैं। ये बच्चे टाइप एक डायबिटीज के मरीज हैं।
ये वो डायबिटीज नहीं है जो मीठा खाने, चावल खाने या मोटापे से होती है। इसमें बच्चे का शरीर इंसुलिन बनाता ही नहीं। इम्यून सिस्टम ही पैंक्रियाज की इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं को खत्म कर देता है। इसलिए इन्हें जिंदगीभर हर बार खाना खाने से पहले इंसुलिन की सुई लेनी पड़ती है। एक दिन भी चूके तो शुगर बढ़कर कोमा तक ले जा सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि आयुर्वेद व होमियोपैथी को टाइप एक डायबिटीज में मुख्य इलाज के रूप में नहीं, बल्कि सपोर्टिव या सहायक थेरेपी के रूप में ही देखा जाना चाहिए।
राजधानी के 8 वर्षीय शुभम की कहानी भी ऐसी ही है। उसकी मां यशोदा बताती हैं कि बच्चा बार-बार पेशाब करता था, रात में बिस्तर गीला करता था, पानी बहुत पीता था। हमें लगा कमजोरी है। जब जांच कराई तो शुगर 500 से ऊपर निकली। डॉक्टर ने कहा कि जिंदगी भर इंसुलिन लेनी पड़ेगी। आज वो बच्चा स्कूल में टिफिन खोलने से पहले बैग से इंसुलिन निकालता है। दोस्त पूछते हैं तो कह देता है जरूरी दवा है। 9 वर्षीय इनावती भी रोज इंसुलिन लगाने से इनकार करती है। इससे उनका शुगर लेवल अप-डाउन होते रहता है।
एम्स व आंबेडकर अस्पताल में दो ऐसे बच्चे आए, जिन्हें मोतियाबिंद हो गया। एक 6 साल की बच्ची, जिसे 4 साल से टाइप एक डायबिटीज था। दूसरा 13 साल का लड़का, जिसे केवल 6 महीने पहले ही डायबिटीज का पता चला था। डॉक्टरों का कहना है, टाइप एक में आंखों की जांच डायग्नोसिस के दिन से ही शुरू हो जानी चाहिए, नहीं तो बच्चा अंधा भी हो सकता है। एम्स की ही एक और स्टडी में 50 टाइप एक बच्चों की जांच की गई, तो करीब 5 में से 1 बच्चे में थायराइड की गड़बड़ी भी मिली। इसलिए इन बच्चों को सिर्फ शुगर नहीं, थायराइड, आंख, किडनी सबकी नियमित जांच चाहिए।
राजधानी में इलाज की व्यवस्था दूसरे राज्यों से बेहतर है। छत्तीसगढ़ उन गिने-चुने राज्यों में है, जो टाइप-1 बच्चों को फ्री इंसुलिन देते हैं। मुख्यमंत्री बाल मधुमेह सुरक्षा अभियान के तहत 13 साल तक के बच्चे का रजिस्ट्रेशन होता है और 21 साल की उम्र तक फ्री इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और स्पीड किट मिलती है। इसके अलावा एम्स रायपुर में हर बुधवार को डायबिटीज क्लीनिक और एडोलेसेंट क्लीनिक लगता है। केंद्र सरकार ने भी मई में पहली बार बच्चों के लिए नेशनल डायबिटीज फ्रेमवर्क जारी किया है, जिसमें जन्म से 18 साल तक के हर बच्चे की स्क्रीनिंग और आजीवन फ्री इंसुलिन की बात है।
डॉ. ओंकार खंडवाल, एचओडी पीडियाट्रिक आंबेडकर अस्पताल के मुताबिक, टाइप एक डायबिटीज को रोका नहीं जा सकता, लेकिन समय पर पहचान कर बच्चे की जान बचाई जा सकती है। अगर बच्चे में बार-बार पेशाब, बहुत प्यास, भूख के बाद भी वजन घटना, थकान और सांस से फलों जैसी गंध आए तो तुरंत शुगर जांच कराएं। ये देरी बच्चे की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। बच्चों को रोजाना इंसुलिन लगाना अनिवार्य है। ऐसा नहीं करने पर शुगर लेवल अनियंत्रित हो जाता है। थायराइड, आंख, किडनी की नियमित जांच की जाती है।
डॉ. अनिल गुप्ता, नेत्र रोग विशेषज्ञ श्री गणेश विनायक आई अस्पताल के अनुसार, टाइप एक के बच्चों में डायबिटीक रेटिनोपैथी आम समस्या है। इसमें आंखों के पर्दे (रेटिना) की सूक्ष्म रक्त वाहिकाएं क्षतिग्रस्त हो जाती हैं और उनसे खून या तरल पदार्थ रिसने लगता है। यह अंधेपन का कारण बन सकती है। डायबिटिक मैक्युलर एडिमा में रेटिना के केंद्र (मैक्युला) में सूजन आ जाती है, जिससे सीधा देखने, पढ़ने या चेहरे पहचानने में परेशानी होती है। आंख के प्राकृतिक लेंस कार्निया में धुंधलापन जल्दी आने लगता है, जिसे मोतियाबिंद कहते हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
14 Nov 2026, 1:55 PM IST
Published on:
14 Nov 2026, 1:55 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़




