रायपुर. गृहमंत्री विजय शर्मा के सरकारी बंगले के सामने शुक्रवार को प्रदर्शन कर रही महिला ने फिनाइल पीकर आत्म हत्या की कोशिश की। जिसके बाद हड़कंप मच गया और आनन-फानन में महिला को आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
दरअसल, दो दिनों से अनुकंपा की मांग कर रही महिलाएं दिवंगत पंचायत शिक्षक अनुकंपा नियुक्ति संघ के बैनर तले प्रदर्शन कर रही हैं। इसी को लेकर प्रदेशभर से बड़ी संख्या में महिलाएं गृहमंत्री शर्मा के सरकारी बंगले के सामने बैठकर प्रदर्शन कर रहीं थीं। मौके पर पहुंचे पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को खदड़ते हुए बस में भरना शुरू किया। इस बीच प्रदर्शनकारी महिलाओं और पुलिस के बीच जमकर झूमाझटकी भी हुई। इसी दौरान दिवंगत पंचायत शिक्षक अनुकंपा नियुक्ति संघ की अध्यक्ष ने फिनाइल पी लिया, जिससे मौके पर उनकी तबीयत बिगड़नी शुरू हो गई। स्थिति को देखते हुए उन्हें तत्काल उन्हें मेकाहारा में भर्ती कराया गया। वहीं प्रदर्शनकारी महिलाओं को कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने तूता धरना स्थल भेज दिया।
रायपुर. छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आह्वान पर कर्मचारी सड़कों पर उतरे। कर्मचारियों के आंदोलन का असर जिला से लेकर संचालनालय स्तर पर भी दिखाई दिया। इंद्रावती भवन से लेकर प्रदेशभर के शासकीय कार्यालयों में सन्नाटा छाया रहा। नगरीय निकायों के कर्मचारियों ने अवकाश लेकर प्रदर्शन किया। प्रदेश के विश्वविद्यालयों में भी शिक्षक एवं कर्मचारियों ने अवकाश लेकर फेडरेशन के आंदोलन का समर्थन किया। आंदोलन के कारण वरिष्ठ अधिकारियों को नवा रायपुर स्थित शासकीय कार्यालयों तक पहुंचने में कठिनाई हुई।
फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा एवं संभाग प्रभारी चंद्रशेखर तिवारी के मार्गदर्शन में रायपुर में कलम बंद, काम बंद आंदोलन को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। जिला संयोजक पीतांबर पटेल एवं नवा रायपुर विभागाध्यक्ष कार्यालय के अध्यक्ष जय कुमार साहू के नेतृत्व में कर्मचारियों ने सड़क पर उतरकर 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। इसी प्रकार सभी जिलों में प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की।