रायपुर

राहुल गांधी रायपुर पहुंचे, इनडोर स्टेडियम में स्वराज सम्मेलन में होंगे शामिल

कांग्रेस अध्यक्ष का दो दिनी दौरा आज से, सीतापुर और कोटमी में रैलियों को करेंगे सम्बोधित
2 min read
• •
Updated: 17 May 2018, 11:11 AM IST
Rahul gandhi in chhattisgarh
छत्तीसगढ़ में राहुल गांधी की दो बड़ी सभाएं आज, रायपुर के इनडोर स्टेडियम में स्वराज सम्मेलन में होंगे शामिल

रायपुर . कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी दो दिवसीय छत्तीसगढ़ यात्रा पर 17 मई को रायपुर पहुंच रहे हैं। राहुल दो दिन में 6 बड़े कार्यक्रमों में शामिल होकर चुनावी शंखनाद करेंगे। नवम्बर-दिसम्बर में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर उनका यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है। राहुल के दौरे से कांग्रेस उत्साहित है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 17 मई को नियमित विमान से सुबह करीब 10 बजे विवेकानंद हवाई अड्डे पहुंचेंगे। वहां से हेलीकॉप्टर से सीधे रायपुर इनडोर पहुंचेंगे और सुबह 10.30 बजे से जन स्वराज सम्मेलन में शामिल होंगे।

इस सम्मेलन में राजीव गांधी पंचायती राज्य संस्थान के चार राज्य छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, झारखंड और उड़ीसा के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। इसके बाद सीधे हेलीकॉप्टर से सरगुजा रवाना होंगे। यहां दोपहर 1.45 बजे सीतापुर के लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में किसान और आदिवासी रैली को संबोधित करेंगे। दोपहर 4 बजे बिलासपुर के कोटमी में वन सत्याग्रह सम्मेलन में शामिल होंगे। राहुल गांधी दूसरे दिन 18 मई को सुबह 11 बजे बिलासपुर में बिलासपुर संभाग के कांग्रेस के बूथ लेवल के प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। दोपहर 1 बजे दुर्ग में दुर्ग संभाग के बूथ लेवल के प्रशिक्षित कार्यकर्ताओं का सम्मेलन में शामिल होने के बाद दोपहर 3 बजे दुर्ग से माना हवाई अड्डे तक रोड शो होगा। इस दौरान 150 स्थानों पर राहुल का भव्य स्वागत किया जाएगा।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को रोकने तरह-तरह के हथकंडे अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, राज्य सरकार ने जानबूझकर सरपंचों की बैठक उसी दिन बुलाई है, जिस दिन सीतापुर में राहुल गांधी की सभा होनी है। एेसी ही कवायद राहुल गांधी के पिछले दौरे के दौरान भी सामने आई थी। जब राहुल गांधी के रायपुर में कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार ने भी रायपुर में पंचायती राज सम्मेलन बुलाया था, ताकि राहुल गांधी का कार्यक्रम प्रभावित हो। राहुल का कार्यक्रम स्थगित होने पर सरकार ने भी अपने कार्यक्रम को स्थगित कर दिया था।

Published on: