रायपुर

Rain Alert: पश्चिमी विक्षोभ का दौर जारी, आज इन इलाकों में हो सकती है बारिश, जानें अगले 2 दिन का मौसम

Rain Alert: 4 फरवरी को सरगुजा संभाग और उससे सटे बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्के छींटे पड़ने की भी संभावना जताई गई है।

2 min read
Feb 04, 2026
मौसम का दोहरा वार | Image - Pinterest

Rain Alert: छत्तीसगढ़ में मौसम एक बार फिर बदलाव के दौर से गुजर रहा है। प्रदेश के लोगों को सुबह के समय ठंड का अहसास हो रहा है, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ता है, गर्मी महसूस होने लगती है। मौजूदा हालात में रात और सुबह हल्की ठंड, जबकि दोपहर में गर्म मौसम लोगों को दोहरे मिजाज का एहसास करा रहा है। मौसम में आए इस अचानक बदलाव ने जनजीवन को भी प्रभावित किया है।

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक प्रदेश में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं जताई गई है। राजधानी रायपुर में सुबह के समय हल्की धुंध और हेज की स्थिति बनी रह सकती है, वहीं दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ रहेगा और तेज धूप खिलने की उम्मीद है। इससे दिन में हल्की गर्मी महसूस की जा सकती है।

कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना

इसी बीच मौसम विभाग ने एक अहम अपडेट जारी किया है। विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्सों, विशेषकर सरगुजा संभाग में एक बार फिर कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना बन रही है। यहां न्यूनतम तापमान में गिरावट देखी जा सकती है। दूसरी ओर, राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के मैदानी इलाकों में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को राजधानी रायपुर में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। दिन के समय हल्की गर्मी का असर रहेगा, जबकि सुबह और शाम के वक्त मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है। फिलहाल पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान सामान्य से थोड़ा ऊपर रहने की संभावना जताई गई है।

Rain Alert: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। इसके प्रभाव से 4 फरवरी को सरगुजा संभाग और उससे सटे बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्के छींटे पड़ने की भी संभावना जताई गई है। हालांकि प्रदेश के न्यूनतम तापमान में किसी खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।

दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय

मौसम वैज्ञानिकों ने यह भी जानकारी दी है कि आने वाले दिनों में दो और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ 5 फरवरी को और दूसरा 8 फरवरी को उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इन विक्षोभों के अप्रत्यक्ष असर से छत्तीसगढ़ में बादल छाने और हल्की मौसमी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं, लेकिन व्यापक स्तर पर भारी बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।

कुल मिलाकर, छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज फिलहाल मिला-जुला बना रहेगा। जहां उत्तर के इलाकों में ठंड का असर तेज हो सकता है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय गर्मी और सुबह-शाम हल्की ठंड का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।

Published on:
04 Feb 2026 08:31 am
Also Read
View All

अगली खबर