रायपुर

Raipur Express-way: 3 लाख से अधिक लोगों को बड़ी राहत, एक्सप्रेस-वे पर बनेगा ग्रेड सेपरेटर, 87.53 करोड़ रुपए होंगे खर्च

Raipur Express-way: राजधानी के 3 लाख से अधिका लोगों को बढ़ते ट्रैफिक के दबाव से राहत मिलने वाली है। सरकार ने एक्सप्रेस-वे पर ग्रेड सेपरेटर बनाने का ऐलान किया है..
2 min read
Mar 31, 2026
raipur city express way
एक्सप्रेस-वे पर 87.53 करोड़ से फुंडहर चौक में बनेगा ग्रेड सेपरेटर ( Photo - Patrika )

Raipur Express-way: राज्य सरकार ने राजधानी रायपुर में अटल पथ एक्सप्रेस-वे पर फुंडहर चौक में ग्रेड सेपरेटर के निर्माण के लिए 87 करोड़ 53 लाख 13 हजार रुपए स्वीकृत किए हैं। इसके निर्माण से इस रूट पर यातायात तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे एक्सप्रेस-वे के साथ ही वीआईपी रोड पर भी यातायात तेज और सुव्यवस्थित होगा। एक्सप्रेस-वे के निर्माण के समय से ही शहरवासी इसकी मांग कर रहे थे। वहीं अब इस प्रोजेक्ट को राशि जारी हुई है।

Raipur Express-way: प्रमुख अभियंता को परिपत्र जारी

जानकारी के मुताबिक उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव के अनुमोदन के बाद राज्य सरकार ने मंत्रालय से राशि स्वीकृति के संबंध में प्रमुख अभियंता को परिपत्र जारी कर दिया है। साव ने कार्य में प्रयुक्त की जाने वाली सामग्रियों एवं संपूर्ण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर उत्तरदायित्व का निर्धारण करते हुए नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

समय-सीमा में काम पूरा करने के निर्देश

ओवरब्रिज निर्माण को लेकर लोक निर्माण विभाग ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पूरी प्रक्रिया तय समय-सीमा के भीतर ही पूरी की जाए। विभाग ने प्रमुख अभियंता को निविदा प्रक्रिया समय पर पूरी कराने और निर्माण कार्य के दौरान लागत में मितव्ययता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही निर्माण एजेंसी को अनुबंध के अनुसार निर्धारित अवधि में काम पूरा करना अनिवार्य किया गया है। विभाग ने साफ किया है कि बिना ठोस कारण के समय-सीमा में बढ़ोतरी नहीं की जाएगी। केवल अपरिहार्य और नियंत्रण से बाहर परिस्थितियों में ही सक्षम अधिकारी की अनुमति से समय बढ़ाया जा सकेगा

3 लाख से अधिक लोगों को मिलेगा लाभ

ग्रेड सेपरेटर बनने से फुंडहर,धरमपुरा,माना, टेमरी और राजधानी के लोगों को मिलाकर लगभग 3 लाख की आबादी को इस योजना से लाभ मिल सकता है। यातायात व्यवस्था में सुधार को लेकर लंबे समय से इस प्रोजेक्ट की मांग की जा रही थी। उल्लेखनीय है कि एनएचएआई ने इससे पहले लाभांडी से सरोना से सर्विस रोड चौड़ीकरण के लिए तैयारियां शुरू की है। केंद्र सरकार से इसके लिए बजट जारी कर दिया गया है।

Updated on:
31 Mar 2026 02:20 pm
Published on:
31 Mar 2026 02:19 pm