
Gold and Silver Price: अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट का असर अब राजधानी रायपुर के सराफा बाजार पर भी साफ दिखने लगा है। त्योहारी सीजन के बीच कीमती धातुओं के दामों में आई इस अचानक कमी से बाजार में काफी हलचल मच गई है। एक ही दिन के भीतर सोने के भाव में प्रति 10 ग्राम बड़ी गिरावट दर्ज की गई, वहीं चांदी की कीमतें भी धड़ाम हो गईं। इस ऐतिहासिक गिरावट से ग्राहकों के लिए इस बार का त्योहारी सीजन काफी राहत भरा और किफायती साबित हो रहा है।
रायपुर सराफा एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष हरख मालू के अनुसार, कारोबारी सप्ताह के शुरुआती दिनों में बाजार उच्च स्तर पर बना हुआ था। शुक्रवार को जहां सोना 1,51,100 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,16,200 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर ट्रेड कर रही थी, वहीं सप्ताह के चौथे कारोबारी दिन कीमतों में भारी सुस्ती आई। इसके बाद सोने का भाव घटकर 1,47,100 रुपए प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 2,06,100 रुपए प्रति किलोग्राम के निचले स्तर पर आ गया। त्योहारी मांग के बीच दामों में आई इस गिरावट से ग्राहकों में उत्साह देखा जा रहा है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, कीमती धातुओं के बाजार में यह मंदी मुख्य रूप से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों के कारण आई है। ईरान-अमेरिका तनाव से जुड़े भू-राजनीतिक हालात, अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में लगातार बढ़ोतरी और डॉलर सूचकांक के मजबूत होने से सोने-चांदी की कीमतों पर तीव्र दबाव बना हुआ है। अमेरिकी बॉन्ड पर ब्याज दरें बढ़ने के कारण वैश्विक निवेशकों का रुझान सुरक्षित माने जाने वाले सोने से हटकर बॉन्ड बाजार की तरफ तेजी से शिफ्ट हुआ है। इसके साथ ही भारतीय रुपए में आई मजबूती ने भी कीमती धातुओं के आयात पर सीधा असर डाला है, जिसके चलते घरेलू बाजारों में कीमतें नीचे आई हैं।