रायपुर

‘पापा, मेरा क्या कसूर था?’ 6 माह की हिमानी को दो बार फर्श पर पटका, AIIMS में जिंदगी की जंग

Six Month Old Baby: रायपुर में मां के मायके जाने से नाराज पिता पर अपनी छह माह की बेटी हिमानी को दो बार फर्श पर पटकने का आरोप है। गंभीर चोटों के बाद बच्ची AIIMS में वेंटिलेटर पर भर्ती है, जबकि आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
2 min read
• •
Oct 20, 2026
CG News
‘पापा, मेरा क्या कसूर था?’ 6 माह की हिमानी को दो बार फर्श पर पटका(photo-patrika )

Raipur Crime News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मां के मायके जाने से नाराज एक पिता पर अपनी छह माह की बेटी हिमानी को दो बार फर्श पर पटकने का आरोप है। घटना में बच्ची के सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मासूम को इलाज के लिए रायपुर AIIMS में भर्ती कराया गया है, जहां वह वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही है। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

AIIMS Raipur: मां के मायके जाने पर हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, 14 अक्टूबर की रात हिमानी की मां समता कॉलोनी स्थित अपने मायके से बेटी को लेकर कोटा की बीएसयूपी कॉलोनी स्थित घर लौटी थी। रात करीब 9 बजे पिता के घर पहुंचने के बाद मां के मायके जाने को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

रात करीब डेढ़ बजे विवाद दोबारा बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में पिता ने बिस्तर पर लेटी छह माह की बच्ची को उठाकर फर्श पर पटक दिया। इसके बाद उसने बच्ची को दोबारा उठाकर जमीन पर दे मारा।

गंभीर चोटों के बाद AIIMS में भर्ती

घटना में बच्ची के सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आने की बात सामने आई है। बच्ची की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे रायपुर AIIMS में भर्ती कराया गया। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है।

मां की शिकायत पर पुलिस ने की कार्रवाई

घटना के बाद बच्ची की मां ने सरस्वती नगर थाने में आरोपी पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ हत्या की कोशिश के आरोप में कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी गई है।

छह माह की मासूम की जिंदगी के लिए दुआएं

हिमानी अभी इतनी छोटी है कि वह अपने साथ हुई घटना के बारे में कुछ बता भी नहीं सकती। जिस उम्र में बच्चे मां की गोद और परिवार के प्यार के सहारे दुनिया को समझना शुरू करते हैं, उस उम्र में वह अस्पताल में गंभीर चोटों से जूझ रही है। इस घटना ने घरेलू विवादों के बीच बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल मासूम का इलाज जारी है और उसकी सेहत को लेकर परिजन चिंतित हैं।

Updated on:
20 Oct 2026 09:03 am
Published on:
20 Oct 2026 09:03 am