राजधानी से लगे गांव डुंडा के बच्चों का कारनामा
ताबीर हुसैन @ रायपुर. आपने रैमो डिसूजा निर्देशित फिल्म एनीबडी केनडांस देखी होगी। हॉलीवुड मूवी स्टेपअप से प्रेरित इस फिल्म में झोपड़पट्टी में रहने वाले बच्चों को एक डांस टीचर विष्णु (प्रभुदेवा) डांस सिखाता है और वे रियलिटी शो में चैम्पियन बन जाते हैं। कुछ ऐसा ही किस्सा डुंडा के यंगस्टर्स का है। वे मुंबई में आयोजित इंडियन हिपहॉप डांस चैंपियन सीजन-10 के डिवीजन वार्षिटी विनर बने हैं। छत्तीसगढ़ के खाते में यह पहली उपलब्धि है। ऑडिशन में देशभर से करीब 100 ग्रुप आया था। इसमें से टॉप 15 को सेमीफाइनल के लिए चुना गया। जब ये बच्चे सेमीफाइनल के लिए सलेक्ट हुए तो फाइनल के लिए मुंबई में दो दिन रुकना था। ये सभी गरीब तबके के बच्चे हैं। इन्हें प्रैक्टिस के लिए जगह नहीं मिली तो मुुंबई के पॉर्किंग स्पॉट पर अभ्यास करने लगे और इनकी मेहनत रंग लाई।
वायरल हुआ था वीडियो
सिंगापुर सिटी स्थित डांस एकेडमी के राकेश बंछोर ने बताया, इनके ग्रुप का नाम एच ब्वॉयज ग्रुप है। ग्रुप संचालक हेमंत साहू मेरे दोस्त हैं। उन्होंने मुझे कहा था कि हमारे गांव के बच्चे काफी टैलेंटेड हैं। उन्हें ट्रेंनिंग देनी है। हमने उन्हें जितना सिखाया उससे ज्यादा तो वे खुद प्रैक्टिस कर-करके सीख गए। ये बच्चे बचपन से ही डांस कर रहे हैं। वे खतरनाक स्टंट के नाम से भी जाने जाते हैं। हाल ही में इनका वीडियो छत्तीसगढ़ में तेजी से वायरल हुआ था जिसमें अमलेश नागेश भैरा कका के एक्टिंग करते हुए दिखाई दिए थे।
बच्चों में अपनी खुशी देखते हैं हेमंत
इन बच्चों को इतना दूर तक ले जाने वाले इनके संचालक हेमंत साहू का बड़ा योगदान रहा । दरअसल, हेमंत डांस के क्षेत्र में कॅरियर बनाना चाहते थे लेकिन परिस्थितिवश नहीं कर पाए। जब इन बच्चों में उन्हें पोटेंशियल नजर आया तो वे उनकी मदद के लिए आगे बढ़े। ग्रुप में कोरियोग्राफर - पिंटू साहू, कैमरामैन चेतन साहू, सदस्य- छगन साहू, धनेश्वर साहू, ईशु साहू, करण साहू, महेश साहू, गितेश ढ़ोटे, डोमेन्द्र साहू। विजेता ग्रुप मंगलवार को ट्रेन से रायपुर आ रहा है। उनके स्वागत की तैयारी की गई है। ढाले-नगाड़ों के साथ उनका वेलकम किया जाएगा।