रायपुर

Vijayadashami 2025: आज चूर-चूर होगा रावण का अहंकार, कहीं इलेक्ट्रिक आतिशबाजी तो कहीं रामलीला, बारिश डाल सकती है खलल

Vijayadashami 2025: आकर्षक आतिशबाजी के साथ रामलीला का मंचन भी होगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने भी तैयारियां कर ली हैं। जाम की स्थिति न बनें इसके लिए यातायात पुलिस ने पार्किंग स्थल बनाए हैं।

2 min read
Oct 02, 2025

Vijayadashami 2025: राजधानी में विजयादशमी का त्योहार परंपरागत रूप से हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। शहर में रावण दहन के बड़े आयोजन होंगे। इसके अलावा गली-मोहल्लों में भी अहंकारी रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। शहर में पांच फीट से लेकर 101 फीट तक के रावण के पुतले तैयार किए गए हैं। प्रमुख आयोजन स्थलों पर आकर्षक आतिशबाजी के साथ रामलीला का मंचन भी होगा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन ने भी तैयारियां कर ली हैं। जाम की स्थिति न बनें इसके लिए यातायात पुलिस ने पार्किंग स्थल बनाए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी ने आयोजकों को चिंता में डाल दिया है। गुरुवार को बारिश के आसार भी हैं।

आप भी जानिए… कहां-क्या रहेगा खास

डब्लूआरएस कॉलोनी- यहां 101 फीट के रावण व 81-81 फीट के कुंभकरण और मेघनाथ पुतलों का दहन होगा। भरतनाट्यम, रामलीला मंचन का मंचन। बैंगलुरू और कोलकाता के कलाकार इलेक्ट्रिक आतिशबाजी करेंगे। दोपहर 4 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा।

रावणभाठा मैदान- यहां 60 फीट के रावण और 50-50 फीट के कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा। विशेष तरह की आतिशबाजी की जाएगी। वहीं दुधाधारी मठ से बालाजी की पालकी मैदान में पहुंचेगी। रामलीला होगी।

बीटीआई ग्राउंड- यहां 70 फीट के रावण का दहन होगा। यहां 77 सालों से रामलीला के मंचन किया जा रहा है। इस बार करीब डेढ़ लाख रुपए की रंग-बिरंगी आतिशबाजी की जाएगी। यहां आयोजन शाम ५ बजे से शुरू होगा।

छत्तीसगढ़ नगर- यहां 50 फीट के रावण व 35-35 फीट के कुंभकरण और मेघनाथ के पुतलों का दहन होगा। शाम 5 बजे सोनपैरी से पुष्पांजली मानस मंडली के कलाकार रामलीला का मंचन करेंगे। आतिशबाजी के बाद लोक झरोखा का आयोजन होगा।

दलदल सिवनी- दलदल सिवनी स्थित महावीर खेल मैदान में 30 फीट के रावण का दहन होगा।

जलेगा या गलेगा: बारिश ने बढ़ाई आयोजकों की चिंता

राजधानी में दशहरे पर गुरुवार को बारिश होने की संभावना है। इसके कारण रावण, मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतलों के दहन में दिक्कत हो सकती है। इससे रावण दहन समितियां चिंता में है। दशहरा कार्यक्रम प्रभावित हो सकता है। पिछले 24 घंटे में 31.4 मिमी पानी गिरा है। बुधवार की दोपहर शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश हुई। हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर में केवल बूंदाबांदी रिकार्ड हुई है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी समेत प्रदेश में अगले दो दिनों तक गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश हो सकती है।

पटरी पर पहरा: 200 जवान होंगे तैनात

डब्ल्यूआरएस में आयोजित दशहरा उत्सव में किसी भी प्रकार की दुर्घटना रोकने व सुरक्षा के लिए 200 जवान तैनात होंगे। इसमें आरपीएफ के 100, जीआरपी के 30 और जिला पुलिस बल के करीब 70 जवान शामिल रहेंगे। रेलवे ट्रैक पर जवानों का पहरा होगा। साथ ही यहां से गुजरने वाली ट्रेनों की स्पीड भी कम की जाएगी।

Updated on:
02 Oct 2025 12:41 pm
Published on:
02 Oct 2025 12:40 pm
Also Read
View All

अगली खबर