
रायपुर/जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एनएच-30 पर देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। महिन्द्रा बस की टक्कर से बुलेट सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई है। दोनों मृतक भानपुरी के निवासी थे। रोजगार कार्यालय में पंजीयन करवाने शहर आए थे। वापस लौटते वक्त उनके साथ दर्दनाक हादसे में मौत से परिवार व गांव शोक स्तब्ध है।
पुलिस के मुताबिक भानपुरी थाना क्षेत्र के ग्राम केसरपाल में रहने वाले दिलेश्वर कश्यप और पीलू सिंग बघेल सोमवार की सुबह 9 बजे बुलेट में सवार होकर घर से जगदलपुर की ओर निकले थे।
यह दोनों आड़ावाल स्थित रोजगार कार्यालय में पंजीयन करवाने आए थे। यहां से वापस अपने घर को लौटते वक्त रात तकरीब 10 बजे इनकी बुलेट हाईवे पर स्थित समदेश ढाबा के सामने गुजर ही रही थी। तभी सामने रायपुर से आ रही महिन्द्रा बस क्रमांक सीजी 04 ईए 4347 के अज्ञात चालक ने बुलेट को सामने से जोरदार टक्कर मारा। तेज रफ्तार बस के बीच बुलेट जाकर घुसी। जिससे दिलेश्वर और पीलू सिंग की मौत पर ही मौत हो गई। बुलेट भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
रात कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों मृतकों के शव को मोरच्यूरी में शिफ्ट करवाया था। जिनके शव का मंगलवार की सुबह पीएम के बाद परिजन के सुपूर्द किया गया है। मृतक दिलेश्वर के पिता सोमारू कश्यप की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने बस चालक के विरूद्ध धारा 304-ए के तहत केस दर्ज कर कार्यवाही में लिया है।
ट्रक ने खंभे में मारी टक्कर, थाने में रिपोर्ट
शहर के गंगामुंडा तालाब मेड़ रास्ते में लगे पीसीसी खंभे को ट्रक चालक ने ठोकर मारकर क्षतिग्रस्त किया है। उक्त मामले में कनिष्ठ अभियंता श्वेता वर्मा ने ट्रक चालक पर विद्युत विभाग को नुकसान पहुंचाना पाया है। इसकी शिकायत बोधघाट थाने में भी दर्ज कराई गई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक 30 जुलाई को विद्युत मंडल के कर्मचारी लालाराम यादव, धर्मन्द्र ने कनिष्ठ अभियंता को सूचित किया था, कि दोपहर लगभग 2 बजे वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन को चलाते तालाब के मेड़ रास्ते पर लगे खंभे को ठोकर मार दी।