पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। इलाके में इससे पहले भी लूट की कई वारदातों हो चुकी हैं।
रायपुर . शहर में बदमाशों के हौंसले बुलंद हैं। रिंग रोड से लगे थानाक्षेत्र में एक राह चलती महिला को नकाबपोश बदमाशों ने चाकू मारा और उसके हाथ से रकम लूटकर भाग निकले। पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। इलाके में इससे पहले भी लूट की कई वारदातों हो चुकी हैं। सभी में दोपहिया सवारों ने ही वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक आमानाका के डूमरतालाब निवासी दुर्गा सोनी शनिवार सुबह करीब 11 बजे बसस्टॉप से अपने घर आ रही थी। इसी दौरान पीछे से बाइक सवार तीन युवक पहुंचे। युवकों ने महिला के हाथ पर चाकू मारा। इसके बाद उनके हाथ से 10 हजार रुपए छीनकर रिंग रोड की ओर भाग निकले। पीडि़त महिला टेलर है और उसने किसी दूसरे से 10 हजार रुपए ब्याज में लिया था। पैसा लेकर वह घर लौट रही थी। इसी दौरान बाइक सवार लुटेरों ने उस पर हमला किया और पैसा लूटकर भाग निकले थे। लुटेरों ने चेहरे पर नकाब लगा रखा था और महिला के पास पहुंचते ही उसके हाथ में चाकू मारा और पैसा छीनकर फरार हो गए।
पीछा कर रहे थे आरोपी
पुलिस आशंका जता रही है कि लुटेरे महिला का पहले से पीछा कर रहे थे, उन्हें महिला के पास 10 हजार रुपए होने की जानकारी मिली गई थी।
लुटेरों के लिए फायदेमंद बना रिंग रोड
रिंग रोड लुटेरों और अपराधियों के लिए काफी फायदेमंद है। वारदात के बाद आरोपी आसानी से रिंग रोड पर निकल जाते हैं। रिंग रोड पर आने के बाद वे बिलासपुर , दुर्ग-भिलाई या महासमुंद, बलौदाबाजार की ओर आसानी से भाग निकलते हैं। यही वजह है कि आमानाका, डीडी नगर, तेलीबांधा, कबीर नगर इलाके में लूट, चेन स्नेचिंग की वारदातें अधिक हो रही हैं।
पहले भी हो चुकी हैं वारदातें
आमानाका इलाके में इससे पहले भी कई वारदातें हो चुकी हैं। इनमें एक भी मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। करीब माह भर पहले एक रिकवरी एजेंट को बाइक सवार युवकों ने चाकू दिखाकर लूट लिया था। इसी तरह एक युवक को भी फर्जी पुलिस वाला बनकर लूट लिया गया था।