
रायपुर. RT PCR New Rules: स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में बीते 8 अगस्त से लागू नए नियमों के अंतर्गत जांच शुरू कर दी गई है। नए नियमों के अंतर्गत 96 घंटे पहले की आरटीपीसीआर निगेटिव रिपोर्ट होने पर ही यात्रियों को जाने दिया जाएगा। ऐसा नहीं होने पर यात्रियों की आरटीपीसीआर सहित एंटीजन सैंपल लिया जाएगा।
एयरपोर्ट में तैनात मेडिकल टीम के मुताबिक सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में यह उल्लेख नहीं है कि यदि एंटीजन जांच में यात्री पॉजीटिव मिले तो उसकी कांटेक्ट ट्रेसिंग जिस फ्लाइट से पहुंचे हैं कैसे होगी या यात्री को क्वारंटाइन कहां किया जाएगा। एयरपोर्ट से बाहर निकलते समय प्रोटोकॉल आदि क्या होगा ?
इसका उल्लेख आदेश में नहीं है, जिसकी वजह से आने वाले दिनों में एयरपोर्ट पर तैनात मेडिकल टीम को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। 8 अगस्त के बाद से अब तक रोजाना 400 से अधिक एंटीजन सैंपल लिए गए है। हालांकि एंटीजन में किसी की रिपोर्ट पॉजीटिव नहीं मिली है, लेकिन रिपोर्ट पॉजीटिव मिले तो क्या प्रोटोकॉल होगा यह असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
आरटीपीसीआर में दिक्कत नहीं
आरटीपीसीआर सैंपल के बाद यात्रियों को एयरपोर्ट से जाने देने का नियम हैं, क्योंकि इसकी रिपोर्ट 2 से 3 दिनों के भीतर मिल रही है। मोबाइल पर सूचना मिलने के बाद यात्रियों को क्वारंटाइन होना पड़ेगा। साथ ही कांटेक्ट ट्रैसिंग के नियमों का भी पालन करना होगा। एंटीजन या ट्रू-नॉट सैंपल को लेकर विभाग की ओर से स्पष्ट गाइडलाइन की कमी महसूस की जा रही है।
पहले 3 मिनट अब 10 मिनट का समय
एयरपोर्ट में जांच के दौरान यात्रियों को पहले 3 मिनट का समय लगता था, लेकिन अब यह समय 10 मिनट से अधिक लग रहा है। यात्रियों की संख्या में इजाफे के बाद एयरपोर्ट में मेडिकल स्टॉफ की भी कमी महसूस की जा रही है। यात्रियों से सही मोबाइल नंबर लेने के लिए मेडिकल टीम के मोबाइल पर मिस्ड कॉल करने का नियम भी लागू हो चुका है। इसलिए सभी यात्रियों से कांटेक्ट ट्रेसिंग के लिए सही मोबाइल नंबर देने की अपील की गई है।