उनके दोपहिया का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
रायपुर. एक्सप्रेस वे के लिए तेलीबांधा में बन रहे ओवरब्रिज में स्लैब चढ़ाते समय महिला के ऊपर गिर गया। इससे महिला बुरी तरह घायल हो गई। महिला अपनी दोपहिया से जा रही थी। घायल महिला शासकीय स्कूल में प्राचार्य हैं। स्लैब गिरने से उनके सिर, पैर, कमर में गंभीर चोट आई है। उनके दोपहिया का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।
पुलिस के मुताबिक न्यू शांति नगर निवासी समीना खान(52) लाभांडी स्थित हाईस्कूल की प्राचार्या हैं। शुक्रवार की शाम करीब 5.30 बजे स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह घर लौट रही थीं। तेलीबांधा के पास एक्सप्रेस वे के लिए ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चल रहा है। इसमें सीमेंट का स्लैब चढ़ाया जा रहा था। उसी समय प्राचार्या अपनी दोपहिया सीजी 04 एमजे 8157 से ओवरब्रिज की दीवार के बगल से गुजर रही थी। स्लैब ओवरब्रिज की दीवार पर फीट नहीं हुआ और फिसलकर नीचे महिला प्राचार्य के ऊपर गिर गया। स्लैब की चपेट में आने से महिला को गंभीर चोटें आई हैं। घटना स्थल पर काफी खून बह गया। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
क्रेन का तार टूटा, फिर गिरा स्लैब
क्रेन के जरिए ओवरब्रिज में सीमेंट के स्लैब लगाए जा रहे थे। स्लैब को क्रेन से उठाकर दीवार पर रखा जा रहा था। इस दौरान स्लैब का उठाने वाला वाला क्रेन का तार टूटा गया। और स्लैब दीवार पर चढऩे के बजाय नीचे गिर गया। इससे महिला प्राचार्य घायल हो गईं।
सुरक्षा व्यवस्था न मार्ग परिवर्तित
ओवरब्रिज का निर्माण कार्य चलने के बावजूद वहां न तो मार्ग परिवर्तित किया है और न ही सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इसके चलते वहां से गुजरने वाले लोग खतरे का सामना कर रहे हैं। इससे और भी दुर्घटना होने की आशंका है। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले यहां से आना-जाना बंद कर दिया गया था, लेकिन नेताओं के दबाव के चलते इसे आमलोगों के लिए खोल दिया गया है। स्लैब गिरने से घायल महिला की हालात नाजुक बनी हुई है।