रायपुर

राजधानी एक्सप्रेस से आई थी कोरोना संक्रमित बच्ची, बोगी के यात्रियों से ले रहे जानकारी

24 घंटे में मिले 8 कोरोना संक्रमितों में 3 मासूम भीस्वास्थ्य विभाग को रेलवे ने उपलब्ध कराई सूची

2 min read
Jun 09, 2020
फाइल फोटो

रायपुर . राजधानी में 24 घंटे में 9 कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए है। इसमें तीन मासूम बच्चियां शामिल हैं। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी की 6 साल, शहीद नगर बीरगांव की 4 साल तथा खतमराई के सन्यासी पारा की 4 साल की मासूम है। डब्ल्यूआरएस कॉलोनी की बच्ची की ट्रेवल हिस्ट्री मध्यप्रदेश की बताई जा रही है, जो क्वारंटाइन में थी। वहीं, बिरगांव की मासूम विगत दिनों मिले एक कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आकर संक्रमित हुई है। खमतराई की मासूम अपने पिता और दादी के साथ भोपाल से राजधानी एक्सप्रेस से 31 मई को रायपुर आई थी। वह भोपाल से 30 मई को चली थी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि तीनों को क्वारंटाइन में रखकर सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। पिता और दादी की रिपोर्ट नेगेटिव तथा बच्ची की पॉजिटिव आई है। राजधानी एक्सप्रेस के जिस बोगी में बैठकर बच्ची आई थी, उसमें के सभी यात्रियों की लिस्ट रेलवे से मांगी गई थी, जो मिल गई है। यात्रियों से कॉन्टेक्ट कर उनकी तबीयत के बारे में पूछताछ की जा रही है। यात्रियों को निर्देशित किया गया है कि यदि उनमें कोरोना वायरस के कोई भी लक्षण दिखते हैं तो तुरंत स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दें। अधिकारियों का कहना है कि बोगी में जितने लोग आए थे उसमें से अधिकतर क्वारंटाइन में हैं।
बच्चों का ज्यादा रखें ध्यान
बड़ों की अपेक्षा बच्चों में कोरोना संक्रमण का ज्यादा खतरा बढ़ गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि बच्चों की इम्युनिटी पॉवर बड़ों की अपेक्षा कम होती हैए इसलिए उनका ध्यान रखना जरूरी है। शिशु रोग विशेषज्ञा डॉ. रिमझिम श्रीवास्तव का कहना है कि माता-पिता को चाहिए कि बच्चों का दिन में कम से कम 6-7 बार साबुन से अच्छी तरह हाथ धुलाएं। बच्चों को ज्यादा देर तक घर से बाहन न रहने दें। यदि वह बाहर निकलता है तो उसे मास्क जरूर लगाएं। जहां तक संभव हो बच्चों को अपरिचित लोगों से दूर ही रखें। बच्चों की इम्युनिटी पॉवर बढ़ाने के लिए पौष्टिक भोजन दें। इम्युनिटी पॉवर बढ़ाने में विटामिन डी काफी सहायक होता है। डॉ. रिमझिम श्रीवास्तव स्कूल खोलने के पक्ष में नहीं है। उनका मानना है कि जिस प्रकार लॉकडाउन खुलने से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वैसे ही स्कूल खुलने पर बच्चों के आंकड़ों में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि बच्चों से कोई भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं करा सकता है। बच्चे पास-पास जरूर बैठेंगे। एक-दूसरे से जरूर मिलेंगे, जिससे उनमें संक्रमण फैलाव का खतरा ज्यादा बढ़ जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग के उप सचंालक एवं प्रवक्ता डॉ. अखिलेश त्रिपाठी का कहना है कि राजधानी एक्सप्रेस के जिस बोगी में बैठकर बच्ची आई थी उसमें सवार सभी यात्रियों के बारे में जानकारी ली जा रही है। यदि किसी में कोरोना वायरस के लक्षण मिलते हैं उनका सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।

Published on:
09 Jun 2020 01:01 am
Also Read
View All