
Bendre Dam accident: बारिश के थमने के बाद भी पिकनिक मनाने गए तीन दोस्त नदी के तेज बहाव में बह गए। गनीमत रहा कि मछुआरों ने दो युवकों को सुरक्षित बचा लिया। वहीं एक युवक लापता हो है। सूचना पर पहुंची एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तलाश में जुट हुई है। हादसा रायपुर से लगे उरला के स्थित बेंद्री डैम का है। सूचना मिलते ही उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची है। वहीं नदी में सर्च ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के अनुसार, डूबने वाले युवक की पहचान सुधांशु तिवारी (30 वर्ष), निवासी उरला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुधांशु अपने तीन दोस्तों के साथ बेंद्री डैम घूमने और पिकनिक मनाने गया था। इस दौरान सभी युवक डैम में नहाने के लिए उतर गए। अचानक पानी का तेज बहाव आने से सुधांशु संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में बह गया।
सुधांशु को बहता देख उसके दो साथी भी उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वे भी पानी के तेज बहाव में फंस गए। मौके पर मौजूद स्थानीय मछुआरों ने तत्काल साहस दिखाते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, सुधांशु का कोई पता नहीं चल सका।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम द्वारा डैम में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी आवश्यक जानकारी जुटाई है।गौरतलब है कि पिछले सात दिनों के भीतर बेंद्री डैम में यह दूसरी बड़ी घटना है।