29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Raipur / CG Land Record: अब मोबाइल से निकालें 1929 से 1945 तक के जमीन के रिकॉर्ड, तहसील के चक्कर होंगे खत्म

CG Land Record: अब मोबाइल से निकालें 1929 से 1945 तक के जमीन के रिकॉर्ड, तहसील के चक्कर होंगे खत्म

CG Land Record Portal: छत्तीसगढ़ में 1929 से 1945 तक के पुराने मिसल बंदोबस्त और अधिकार अभिलेख अब ऑनलाइन उपलब्ध हैं। लोग राजस्व विभाग के पोर्टल से मोबाइल या कंप्यूटर पर घर बैठे मुफ्त में पुश्तैनी जमीन के रिकॉर्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Shradha Jaiswal

•

Updated: 29 Nov 2026, 4:10 PM IST

CG Land Record

CG Land Record: अब मोबाइल से निकालें 1929 से 1945 तक के जमीन के रिकॉर्ड(photo-AI)

CG Land Record: छत्तीसगढ़ में अब पुश्तैनी जमीन से जुड़े पुराने दस्तावेज हासिल करने के लिए लोगों को तहसील कार्यालयों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। राजस्व विभाग ने वर्ष 1929 से 1945 तक के पुराने 'मिसल बंदोबस्त' और 'अधिकार अभिलेख' को डिजिटल कर दिया है। अब प्रदेश का कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल या कंप्यूटर की मदद से घर बैठे इन भूमि रिकॉर्ड को मुफ्त में डाउनलोड कर सकता है। इससे जमीन के पुराने दस्तावेज तलाशने में होने वाली परेशानी और खर्च से राहत मिलेगी।

CG Land Records Online: 1929 से 1945 तक के पुराने भूमि रिकॉर्ड हुए ऑनलाइन

राजस्व विभाग ने आजादी से पहले तैयार किए गए पुराने भूमि अभिलेखों को ऑनलाइन उपलब्ध कराया है। इनमें मिसल बंदोबस्त, अधिकार अभिलेख, निस्तार पत्रक और चकबंदी से जुड़े रिकॉर्ड शामिल हैं। इन दस्तावेजों को विभाग के विशेष पोर्टल पर अपलोड किया गया है। रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बस्तर और सरगुजा समेत प्रदेश के कई जिलों के पुराने रिकॉर्ड यहां देखे जा सकते हैं।

जमीन विवाद और प्रमाण पत्र बनवाने में आएंगे काम

पुराने भूमि अभिलेख कई मामलों में महत्वपूर्ण दस्तावेज साबित होते हैं। परिवारों में पीढ़ियों पुरानी जमीन के बंटवारे या मालिकाना हक को लेकर विवाद होने पर इन रिकॉर्ड से संबंधित जानकारी मिल सकती है। इसके अलावा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को जब वर्ष 1950 से पहले के निवास या भूमि संबंधी दस्तावेजों की जरूरत होती है, तब भी पुराने रिकॉर्ड उपयोगी हो सकते हैं।

मोबाइल से ऐसे डाउनलोड करें पुराने जमीन के दस्तावेज

छत्तीसगढ़ में पुराने भूमि रिकॉर्ड निकालने के लिए राजस्व विभाग के पोर्टल revenue.cg.nic.in/missal पर जाएं। यहां 'रिकॉर्ड खोजें ग्राम वार' या 'रिकॉर्ड खोजें नाम वार' विकल्प चुनें। इसके बाद जिला, तहसील, RI सर्कल, पटवारी हल्का और गांव का नाम दर्ज करें। अब अभिलेख के प्रकार में मिसल, अधिकार अभिलेख, निस्तार पत्रक या चकबंदी चुनकर 'खोजें' पर क्लिक करें। स्क्रीन पर उपलब्ध रिकॉर्ड की स्कैन कॉपी दिखाई देगी। इसे PDF फॉर्मेट में मुफ्त डाउनलोड कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर प्रिंट भी निकाल सकते हैं।

ग्राम और नाम के आधार पर खोजने की सुविधा

पोर्टल पर रिकॉर्ड खोजने के लिए दो विकल्प दिए गए हैं। पहला ग्राम वार और दूसरा नाम वार। यानी संबंधित गांव की जानकारी के आधार पर रिकॉर्ड तलाशा जा सकता है। वहीं, नाम वार विकल्प के जरिए पूर्वज या संबंधित व्यक्ति के नाम से दस्तावेज खोजने की सुविधा मिलती है। इससे पुराने रिकॉर्ड की तलाश करना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है।

कानूनी काम के लिए प्रमाणित कॉपी कहां से मिलेगी?

पोर्टल से डाउनलोड की गई कॉपी पुराने भूमि रिकॉर्ड की जानकारी और शुरुआती जांच के लिए उपयोगी है। हालांकि, अदालत, बैंक या किसी अन्य औपचारिक कानूनी प्रक्रिया में दस्तावेज जमा करने के लिए प्रमाणित प्रति की जरूरत पड़ सकती है। ऐसी स्थिति में पोर्टल से प्राप्त रिकॉर्ड का क्रमांक और पृष्ठ संख्या नोट कर लोक सेवा केंद्र या संबंधित तहसील कार्यालय में आवेदन किया जा सकता है।

हजारों रुपये और समय की हो सकती है बचत

पुराने जमीन के दस्तावेजों के लिए पहले लोगों को संबंधित कार्यालयों में जाकर रिकॉर्ड तलाशने और उसकी कॉपी हासिल करने की प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था। अब डिजिटल सुविधा के जरिए शुरुआती स्तर पर ही घर बैठे रिकॉर्ड देखा और डाउनलोड किया जा सकता है। इससे लोगों का समय बचेगा और दस्तावेज तलाशने में होने वाली भागदौड़ भी कम होगी।