
रवि भवन (फोटो सोर्स- पत्रिका)
रायपुर@ताबीर हुसैन। Ravi Bhavan Mobile Market: राजधानी का रवि भवन अब सिर्फ रायपुर या छत्तीसगढ़ के ग्राहकों की जरूरत पूरी करने वाला बाजार नहीं रह गया है। यह छत्तीसगढ़ के साथ मध्यप्रदेश, झारखंड और महाराष्ट्र के कई शहरों के लिए भी मोबाइल कारोबार का बड़ा केंद्र बन चुका है। यहां मोबाइल की बिक्री से लेकर रिपेयरिंग, एक्सेसरीज और सेकंड हैंड फोन तक की सुविधा एक ही जगह मिलती है। करीब 350 दुकानों वाले इस परिसर में 280 दुकानें सीधे मोबाइल कारोबार से जुड़ी हैं।
रवि भवन एसोसिएशन के अध्यक्ष जय नैनवानी के मुताबिक, देशभर के मोबाइल कारोबार का करीब 5 प्रतिशत हिस्सा यहां होता है। यहां नए मोबाइल की बिक्री के साथ थोक और खुदरा कारोबार भी होता है। मोबाइल कवर, चार्जर, स्क्रीन गार्ड, ईयरफोन और अन्य एक्सेसरीज की बड़ी रेंज उपलब्ध है।
रवि भवन की एक बड़ी पहचान मोबाइल रिपेयरिंग है। यहां सामान्य खराबी से लेकर तकनीकी मरम्मत तक की सुविधा मिलती है। छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों से भी लोग मोबाइल ठीक कराने पहुंचते हैं। कई बार दूसरे स्थानों पर ठीक नहीं हो पाने वाले मोबाइल भी यहां लाए जाते हैं। नए मोबाइल की बिक्री के अलावा सेकंड हैंड फोन का कारोबार भी अच्छा है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर मिलने वाले डिस्काउंट ने स्थानीय कारोबार को प्रभावित किया है। नकद और ऑनलाइन खरीदारी में करीब 7 से 8 प्रतिशत तक की बचत होने के कारण ग्राहक ऑनलाइन कीमतों की तुलना करने लगे हैं। इससे दुकानदारों के सामने प्रतिस्पर्धा की चुनौती बढ़ी है।
रायपुर के लाल गंगा शॉपिंग मॉल में भी मोबाइल की करीब 50 दुकानें हैं। यहां मुख्य रूप से नए मोबाइल की बिक्री और रिपेयरिंग का काम होता है। इस तरह शहर में मोबाइल कारोबार के दो प्रमुख केंद्र विकसित हुए हैं।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
29 Nov 2026, 2:09 PM IST
Published on:
29 Nov 2026, 2:09 PM IST
बड़ी खबरें
View Allरायपुर
छत्तीसगढ़




