29 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Hindi News / Chhattisgarh / Raipur / CG Crime News: रायपुर में एक रात में 5 लड़कियां गायब, CCTV और मोबाइल लोकेशन खंगाल रही पुलिस

CG Crime News: रायपुर में एक रात में 5 लड़कियां गायब, CCTV और मोबाइल लोकेशन खंगाल रही पुलिस

Kidnapping Case Raipur: रायपुर में 28-29 नवंबर की दरम्यानी रात चार थाना क्षेत्रों से पांच लड़कियों के लापता होने की शिकायत दर्ज हुई। पुलिस CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन के जरिए उनकी तलाश में जुटी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

रायपुर

•

image

Shradha Jaiswal

•

Updated: 29 Nov 2026, 1:37 PM IST

CG Crime News

CG Crime News: रायपुर में एक रात में 5 लड़कियां गायब(photo-AI)

CG Crime News: छत्तीसगढ़ के राजधानी रायपुर में 28 और 29 नवंबर की दरम्यानी रात पुलिस के सामने कई मामले आए। शहर के चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों से एक ही रात में पांच लड़कियों के लापता होने की शिकायत दर्ज की गई। कहीं परिजनों ने बेटी के घर से निकलकर वापस नहीं लौटने की जानकारी दी, तो कहीं अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताई गई।

पांचों मामलों में पुलिस ने अपहरण का अपराध दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। लड़कियों की तलाश में पुलिस की टीमें रातभर सक्रिय रहीं। आसपास के CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जानकारी जुटाई जा रही है। इसी रात शहर में कुल 62 आपराधिक मामले दर्ज किए गए।

5 Girls Missing in Raipur: चार थाना क्षेत्रों से पांच लड़कियां लापता

पुलिस के अनुसार, लड़कियों के लापता होने की शिकायतें उरला, खमतराई, मुजगहन और मोवा क्षेत्र से सामने आई हैं। उरला थाना क्षेत्र में परिजनों ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत दर्ज कराई। वहीं, खमतराई और मुजगहन थाना क्षेत्रों में भी लड़कियों के अचानक लापता होने की सूचना पर परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।

मोवा क्षेत्र से एक ही रात में दो अलग-अलग परिवारों की लड़कियों के लापता होने के मामले सामने आए। पुलिस ने सभी पांच मामलों में अपहरण का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विशेष टीमें लड़कियों का पता लगाने के लिए संभावित रास्तों के CCTV फुटेज और मोबाइल लोकेशन की जानकारी खंगाल रही हैं।

सार्वजनिक जगहों पर शराब पीने और पिलाने वाले 46 गिरफ्तार

लापता लड़कियों की तलाश के साथ ही रायपुर पुलिस ने शहर में रातभर चेकिंग अभियान चलाया। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और अवैध रूप से शराब पिलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 46 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने कोतवाली, राजेंद्र नगर, तेलीबांधा, सरस्वती नगर, गंज और खमतराई थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की। इनमें खमतराई से 17, गंज से 9, राजेंद्र नगर से 7, सरस्वती नगर से 6, तेलीबांधा से 3 और कोतवाली क्षेत्र से 2 लोगों को पकड़ा गया। आरोप है कि इनमें कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब पी रहे थे, जबकि कुछ दुकान और ठेलों की आड़ में अवैध रूप से शराब पिलाने में शामिल थे।

रैश ड्राइविंग के 8 मामले दर्ज, मारपीट और चोरी की घटनाएं भी

रातभर चले अभियान के दौरान पुलिस ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। टिकरापारा, डीडी नगर, उरला, सरस्वती नगर, तेलीबांधा और खमतराई थाना क्षेत्रों में रैश ड्राइविंग के कुल 8 मामले दर्ज किए गए। इसके अलावा मोवा और खमतराई क्षेत्रों में मारपीट की घटनाएं सामने आईं, जबकि मौदहापारा इलाके में चोरी का एक मामला दर्ज किया गया।

लापता लड़कियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, लापता लड़कियों की सकुशल बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए रात की गश्त और चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।