CG Assembly Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 13वां दिन कई अहम मुद्दों के साथ गरम रहने की संभावना है।
CG Assembly Budget Session: छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 13वां दिन कई अहम मुद्दों के साथ गरम रहने की संभावना है। सदन में जंबूरी अनियमितता और शालाओं के युक्तियुक्तकरण जैसे विषयों पर चर्चा होगी, जिस पर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।
आज के सत्र में जंबूरी से जुड़े कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठेगा। इसके साथ ही स्कूलों के युक्तियुक्तकरण (रैशनलाइजेशन) को लेकर भी चर्चा होगी, जो पहले से ही विवाद का विषय बना हुआ है। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सरकार अपनी नीतियों का बचाव करती नजर आएगी।
सत्र के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, मंत्री लखन लाल देवांगन और अरुण साव सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा होने की संभावना है।
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत वन मंडल भानुप्रतापपुर क्षेत्र में अवैध पेड़ कटाई और हैवी माइल्स गाड़ियों के संचालन का मुद्दा सदन में गूंजेगा। इस विषय को बीजेपी विधायक विक्रम उसेंडी द्वारा उठाया जाएगा, जिस पर सरकार से जवाब मांगा जाएगा। तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया जाएगा। इस मुद्दे पर संबंधित विभाग से जवाबदेही तय करने की मांग उठ सकती है।
सत्र के दौरान विधायक रिकेश सेन, सुशांत शुक्ला, मोतीलाल साहू और इंद्रशाह मांडवी अपनी-अपनी याचिकाएं प्रस्तुत करेंगे। इसके साथ ही चार संशोधन विधेयकों को भी पारित किया जाएगा, जिससे कई नीतिगत बदलावों का रास्ता साफ हो सकता है। बजट सत्र का यह दिन इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि शिक्षा, वन और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े संवेदनशील मुद्दे एक साथ सदन में उठ रहे हैं। ऐसे में आज की कार्यवाही पर प्रदेश की नजरें टिकी रहेंगी।