रायपुर

छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज! कई इलाकों में बारिश के संकेत, रायपुर में बढ़ी गर्मी…

CG Weather Update: रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। शुक्रवार को सुबह जहां तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया, वहीं दोपहर बाद तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम को सुहाना बना दिया।

2 min read
Mar 28, 2026
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज! कई इलाकों में बारिश के संकेत, रायपुर में बढ़ी गर्मी...(photo-patrika)

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली है। शुक्रवार को सुबह जहां तेज गर्मी ने लोगों को परेशान किया, वहीं दोपहर बाद तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम को सुहाना बना दिया। मौसम विभाग ने शनिवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और तेज हवा चलने की संभावना जताई है।

CG Weather Update: दोपहर बाद बदला मौसम का मिजाज

शुक्रवार को दोपहर करीब 3:30 बजे रायपुर सहित कई क्षेत्रों में अचानक मौसम बदला। तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे। इस बदलाव से लोगों को गर्मी से अस्थायी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी और मध्य भारत में सक्रिय सिस्टम के कारण प्रदेश में नमी बढ़ी है। इसी नमी की वजह से स्थानीय स्तर पर बादल बन रहे हैं, जिससे कहीं-कहीं बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बन रही है।

कई जिलों में दर्ज हुई बारिश

रायपुर में दोपहर बाद हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं अंबिकापुर में करीब 6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। इसके अलावा जगदलपुर, पेंड्रारोड और माना एयरपोर्ट क्षेत्र में भी हल्की बारिश देखने को मिली। रायपुर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। वहीं बिलासपुर में तापमान 38.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.2 डिग्री ज्यादा है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 36 से 40 डिग्री के बीच बना हुआ है।

आज भी बारिश के आसार

आज भी बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शनिवार को रायपुर में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है, जिससे मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। दिन का अधिकतम तापमान करीब 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है। वहीं, प्रदेश के एक-दो स्थानों पर तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

बस्तर और सरगुजा में असर ज्यादा

मौसम विभाग ने विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा संभाग के लिए अलर्ट जारी किया है, जहां तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में मौसम का असर अपेक्षाकृत अधिक देखने को मिल सकता है, जिससे अचानक बदलाव की स्थिति बन सकती है। ऐसे में स्थानीय लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

गर्मी और राहत के बीच झूलता मौसम

छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदलता नजर आ रहा है। एक तरफ तेज गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, तो दूसरी ओर अचानक होने वाली बारिश राहत का अहसास करा रही है। तापमान में उतार-चढ़ाव और बदलते मौसम के चलते लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि आने वाले दिनों में भी इसी तरह के बदलाव जारी रहने की संभावना जताई जा रही है।

Updated on:
28 Mar 2026 08:30 am
Published on:
28 Mar 2026 08:26 am
Also Read
View All

अगली खबर