
2 June ki Roti : ताबीर हुसैन. दो जून की रोटी भारतीय समाज का ऐसा मुहावरा है, जो केवल भोजन की जरूरत नहीं बल्कि आम आदमी के संघर्ष, मेहनत और आजीविका की कहानी भी बयां करता है। हर साल 2 जून को इस मुहावरे की चर्चा फिर से होने लगती है। ( Chhattisgarh News ) बदलते समय में भले ही जीवनशैली और जरूरतें बदल गई हों, लेकिन दो वक्त का सम्मानजनक भोजन जुटाने की चिंता आज भी करोड़ों लोगों के जीवन का हिस्सा है।
दुर्गा महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक लोकेश्वर प्रसाद सिन्हा बताते हैं कि दो जून की रोटी मुहावरा उत्तर भारतीय समाज में लंबे समय से प्रचलित है। यहां जून का आशय भोजन के समय से है। इसका अर्थ दिन में दो बार भोजन जुटा पाने की क्षमता से है। ग्रामीण और श्रमिक समाज में जब जीविका का प्रमुख उद्देश्य परिवार के लिए भोजन जुटाना होता था, तब यह मुहावरा आम बोलचाल का हिस्सा बना। समय के साथ यह न्यूनतम आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन का प्रतीक बन गया।
आज यह मुहावरा केवल साहित्य और बातचीत तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया पर भी खूब नजर आता है। महंगाई, रोजगार और बढ़ते खर्चों पर बनने वाले मीम्स में दो जून की रोटी अक्सर दिखाई देती है। एक लोकप्रिय मीम में लिखा गया है, बचपन में लगा था दो जून की रोटी जुटाना आसान होगा, बड़े हुए तो पता चला ईएमआई भी साथ आती है। वहीं एक अन्य मीम कहता है, मां बोली थी पढ़ लो, वरना दो जून की रोटी के लाले पड़ जाएंगे, अब डिग्री भी है और संघर्ष भी।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह मुहावरा आज भी इसलिए प्रासंगिक है क्योंकि यह आम आदमी की मूल जरूरत और उसकी आर्थिक स्थिति को सीधे तौर पर व्यक्त करता है। विकास और आधुनिकता के इस दौर में भी दो जून की रोटी हमें याद दिलाती है कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति तभी मानी जाएगी, जब हर व्यक्ति अपने परिवार के लिए सम्मानपूर्वक दो वक्त का भोजन जुटाने में सक्षम हो।