रायपुर

Raipur News: महिला ने लगाई फांसी, अस्पताल में मायके-ससुराल वालों में जमकर मारपीट

Raipur News: गुरुवार की रात यास्मीन ने संदिग्ध हालात में फांसी लगा ली। उसे फंदे से उतार कर ससुराल वालों ने रात करीब 11.30 बजे नवकार अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को यास्मीन के मायके वाले भी अस्पताल पहुंचे।

2 min read
Apr 04, 2026
अस्पताल में मायके-ससुराल वालों में जमकर मारपीट (Photo Patrika)

Raipur News: @नारद योगी। टिकरापारा इलाके में एक विवाहिता ने संदिग्ध हालात में फांसी लगा ली। ससुराल वालों ने उसे बेहोशी की अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। इससे युवती के मायके वाले नाराज हो गए और अस्पताल में मौजूद ससुराल वालों पर हमला कर दिया। फिर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। अस्पताल में जमकर बवाल हुआ। पुलिस पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। टिकरापारा पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक संतोषी नगर शिवनगर आंगनबाड़ी केंद्र के पास रहने वाले इरशाद खान की करीब 6 साल पहले ईदगाहभाठा निवासी यास्मीन परवीन से शादी हुई थी। गुरुवार की रात यास्मीन ने संदिग्ध हालात में फांसी लगा ली। उसे फंदे से उतार कर ससुराल वालों ने रात करीब 11.30 बजे नवकार अस्पताल में भर्ती कराया। शुक्रवार को यास्मीन के मायके वाले भी अस्पताल पहुंचे। दोपहर करीब 3 बजे यास्मीन की स्तिथि और बिगड़ गई।

डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि उसे बचा पाना मुश्किल है। यह सुनकर उनके मायके वाले भड़क गए। यास्मीन की बुआ ने गुस्से में उसके पति इरशाद को एक थप्पड़ मार दिया। इससे विवाद बढ़ गया। फिर दोनों पक्ष एक दूसरे से मारपीट करने लगे। पूरे अस्पताल में हंगामा मच गया। माहौल बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पुलिस पहुंची। इसके बाद दोनों पक्षों को शांत कराया गया।

मेकाहारा में पीएम

शाम को यास्मीन की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजनों के आरोप को देखते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा भेजा गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर टिकरापारा पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना में लिया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

2 थानों की पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली और टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया। एहतियात के तौर पर अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

परिवार ने कहा- यह आत्महत्या नहीं, प्लान्ड मर्डर की कोशिश

मामले ने नया मोड़ तब ले लिया, जब मायके पक्ष ने इसे आत्महत्या का प्रयास मानने से इनकार कर दिया। परिजनों का आरोप है कि यह घटना आत्महत्या नहीं, बल्कि प्लानिंग के तहत हत्या की कोशिश का मामला है, जिसे फांसी का रूप देकर छिपाया जा रहा है।

Published on:
04 Apr 2026 12:54 pm
Also Read
View All

अगली खबर