अपनी सास पर जमीन अपने नाम कराने के लिए लगातार दबाव डाल रही थी। सास इसके लिए राजी नहीं हुई, तो बहू ने...
रायपुर. एक महिला अपनी सास पर जमीन अपने नाम कराने के लिए लगातार दबाव डाल रही थी। सास इसके लिए राजी नहीं हुई, तो बहू ने उसे जिंदा जला दिया। सास को गंभीर स्थिति में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।
तेलीबांधा के निवासी रामचंद्र जसूजा की पत्नी ममता जसूजा पूरी संपत्ति अपने नाम पर करना चाह रही थी। रामचंद्र का मकान व प्लाट है, जिसे वह अपने नाम पर कराने के लिए कहती थी। पूरी संपत्ति उसकी सास मोहनी जसूजा (65) के नाम पर है। पिछले कुछ दिनों से वह मोहनी पर संपत्ति अपने नाम कराने के लिए दबाव बना रही थी। मोहनी इससे इनकार करती जा रही थी। इसको लेकर रोज विवाद होता था।
रविवार को शाम करीब 5.30 बजे ममता ने फिर अपनी सास को संपत्ति अपने नाम करने के लिए कहा। सास ने फिर इनकार कर दिया तो आवेश में आकर ममता ने उसके शरीर में मिट्टी तेल छिड़क कर आग लगा दी। आग की लपटों से बुजुर्ग मोहनी तड़पने लगी।
चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और आग को बुझाया। इसके बाद उन्हें गंभीर अवस्था में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला 75 प्रतिशत जल गई है। घटना की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी महिला ममता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि सास को मिट्टी तेल छिड़क कर जिंदा जलाने की आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है। बयान और पूछताछ के बाद ही इस संबंध में कुछ कहा जा सकता है। बताया जाता है कि दोनों के बीच लंबे अरसे से विवाद चल रहा था। बीच-बीच में झगड़े होते रहते थे। लेकिन हाल के दिनों में विवाद ने गंभीर रूप ले लिया था। कई बार पड़ोसियों ने बीचबचाव किया तब विवाद सुलझा। आखिरकार सम्पत्ति विवाद गहराया तो इसने हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस के मुताबिक ममता रामचंद्र की दूसरी पत्नी है। वह अक्सर घर में लड़ाई-झगड़ा करती रहती है। इसकी शिकायत महिला थाने में भी की गई है। इस मामले पर कुछ दिन पहले ही काउंसलिंग हुई थी। इसमें घायल महिला नहीं जा पाई थी।
महिला थाने में शिकायत की जानकारी मिलने के बाद से आरोपी महिला और विवाद करने लगी थी। मामले की जांच कर रही एसआई विजया शर्मा ने बताया कि पीडि़त महिला का बयान हुआ है, जिसमें आरोपी महिला द्वारा संपत्ति अपने नाम करने के लिए दबाव बनाने की जानकारी दी गई है। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है।