Raipur News: देर रात पार्टी के कारण शराब के नशे में एक्सीडेंट व लड़ाई झगड़ा जैसी घटना होती रहती है। रात 12 बजे तक सभी होटल-बार को बंद करने का आदेश हैं।
Raipur News: @हिमांशु शर्मा । वीआईपी रोड स्थित बेबीलॉन इंटरनेशनल के फर्जी कैफे में पुलिस ने देर रात रेड मारी। यहां कई युवक-युवतियां नशे में थे। पुलिस ने कैफे में पहुंचकर सबसे पहले डीजे को बंद कराया। इस दौरान पुलिस ने घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
तेलीबांधा थाना के टीआई अजय झा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली की देर रात फर्जी कैफे में युवक-युवतियां डीजे की धून में नाच रहे हैं और पार्टी कर रहे हैं। इसके बाद तेलीबांधा पुलिस की टीम रात करीब 1.15 बजे मौके पर पहुंची। अंदर बड़ी संख्या में युवक-युवतियां मौजूद थे, तेज आवाज में डीजे बज रहा था और शराब पार्टी चल रही थीं।
जांच के दौरान पुलिस को शराब की खाली बोतलें भी मिलीं। कार्रवाई करते हुए डीजे को जब्त कर किया गया। साथ ही कैफे का लाइसेंस निरस्त करने के लिए कलेक्टर को प्रतिवेदन भेजा गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार इस मामले को कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। इस मामले में कोर्ट में इस्तगासा भी पेश किया गया है।
बिना किसी डर के होटल-बार, और कैफे देर रात तक संचालित हो रहे है। कड़ी कार्रवाई नहीं होने के कारण इन संचालकों पर पुलिस का खौफ दिखाई नहीं दे रहा है। जबकि आए दिन राजधानी में देर रात पार्टी के कारण शराब के नशे में एक्सीडेंट व लड़ाई झगड़ा जैसी घटना होती रहती है। रात 12 बजे तक सभी होटल-बार को बंद करने का आदेश हैं, उसके बावजूद धड़ल्ले से देर रात तक यह संचालित होता है। यहां तक की रात 10 बजे के बाद डीजे भी बंद करना है, लेकिन इन नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है।
इससे पहले भी वीआईपी रोड स्थित ग्रैंड इंपीरिया, मिथ्या क्लब और रास्ता पर कार्रवाई करते हुए सिर्फ तीन दिनों के लिए बार के लाइसेंस को निलंबित किया गया था। साथ ही प्रतिष्ठानों को सीलबंद करने के निर्देश हुए थे। इन तीनों जगह पर जनवरी और मार्च माह में निरीक्षण के दौरान नियमों के उल्लंघन पाया गया। यहां देर रात तक होटल-बार संचालित थे। जिसके बाद इन पर कार्रवाई की गई। उसके बावजूद इन मामलों से संचालक सबक न लेते हुए उल्टा बिना किसी डर के प्रतिष्ठानों के देर रात तक संचालित कर रहे है।