रायसेन

कर्ज से परेशान किसान की बिजली काटी तो दे दी जान

रायसेन जिले के गैरतगंज के ग्राम गोपालपुर का मामला, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन।

2 min read
Nov 08, 2017
cut-electricity-to-farmers-from-debt-committed-suicide

रायसेन/गैरतगंज। कर्ज से परेशान एक किसान की जब बिजली काट दी गई तो वह यह जिल्लत बर्दाश्त नहीं कर सका और फंदे पर लटकर अपनी जान दे दी। मामला गैरतगंज तहसील के ग्राम गोपालपुर का है। आत्महत्या के बाद किसान के शव को सड़क पर रखकर परिजनों और कांग्रेस नेताओ ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस की मांग थी कि मृत किसान के परिजनों को इसका मुआवजा दिया जाए और दोषी लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

ट्राली में रखकर लाए शव
कांग्रेस कार्यकर्ता और परिजन एक ट्राली में किसान का शव लेकर हाईवे पर पहुंचे और जाम लगा दिया। लगभग 15 मिनट बाद पुलिस की समझाइश पर जाम खत्म कर दिया, लेकिन सभी लोग एकत्र होकर तहसील कार्यालय पहुंच गए। जहां सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए एसडीएम केआर चौकीकर को ज्ञापन सौंपा।

बिजली अफसरों पर हो कार्रवाई
परिजनों ने बताया बिजली विभाग द्वारा बिजली सप्लाई काटने के चलते खराब होती फसल देख हमीर चार पांच दिन काफी परेशान था। इस वजह से वह अकेला रहने लगा एवं कुछ दिनों से खाना पीना भी नहीं खा पा रहा था। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा मृतक किसान के परिजनों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएं मृतक किसान सहित क्षेत्र के अन्य किसानों को बड़ी राशि के बिजली बिल देने वाले बिजली कंपनी के अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए।

बैंक और महाजन से लिया था कर्ज
किसान हमीर सिंह लोधी कर्ज में डूबा था और फसल खराब होने से दुखी था। उक्त किसान को बिजली बिल बकाया होने पर बिजली विभाग परेशान कर रहे थे। बैंक से नोटिस एवं महाजनी कर्ज ने मानसिक रूप से तोड़ दिया था। जिससे बीती रात अपने खेत के पास स्थित जंगल मे फांसी लगा ली। किसान की चार बेटियां और एक बेटा हैं। कुछ समय से पत्नी की तबियत खराब होने एवं इलाज भी ठीक ढंग से न करा पाने, बेटियों की शादी की चिंता में डूबा था।

Published on:
08 Nov 2017 07:52 pm